MP NEWS : भोपाल: मध्य प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी के सगे भाई अनिल बागरी को पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अनिल के साथ एक अन्य आरोपी को भी पकड़ा है। कार्रवाई के दौरान टीम ने करीब 46 किलोग्राम गांजा और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक कार जब्त की है।
मामले के सामने आने के बाद मंत्री प्रतिमा बागरी मीडिया के सवालों से बचती दिखाई दीं। खजुराहो के महाराजा कन्वेंशन सेंटर में सीएम डॉ. मोहन यादव की समीक्षा बैठक के बाद जब वे बाहर निकल रही थीं, तब पत्रकारों ने उनसे इस संबंध में प्रतिक्रिया मांगी। सवाल सुनते ही मंत्री ने तीखे अंदाज में कहा- “जबरदस्ती की बात क्यों करते हो?”। उन्होंने इस विषय पर आगे कुछ भी कहने से साफ इनकार कर दिया।
यह बागरी परिवार के खिलाफ लगातार दूसरी बड़ी पुलिस कार्रवाई है। मंत्री प्रतिमा बागरी के बहनोई शैलेंद्र सिंह, जो पहले से बांदा जेल में बंद हैं, को भी इस नए मामले में आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही के आधार पर उनका नाम जोड़ा है।
गौरतलब है कि शैलेंद्र सिंह को यूपी के बांदा जिले के नरैनी थाना क्षेत्र में पुलिस ने करीब साढ़े 10 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया था। अब इस मामले में भी पुलिस आगे की जांच कर रही है।

