MP Higher Education New Rules: मध्य प्रदेश उच्च शिक्षा विभाग ने पोस्ट ग्रेजुएशन (MA, MCom, MSc) छात्रों के लिए शैक्षणिक सत्र 2025-26 से बड़े बदलाव लागू कर दिए हैं। अब PG विद्यार्थियों को थ्योरी और इंटरनल दोनों में अलग-अलग पास होना अनिवार्य होगा। नई मार्किंग पॉलिसी के तहत पासिंग क्राइटेरिया और पेपर स्ट्रक्चर पूरी तरह बदल दिए गए हैं।
नई व्यवस्था में 100 अंकों के पेपर में 60 अंक थ्योरी और 40 अंक इंटरनल असेसमेंट के लिए निर्धारित किए गए हैं। पास होने के लिए छात्रों को थ्योरी में न्यूनतम 24 अंक और इंटरनल में 16 अंक लाना जरूरी होगा। यानी कुल अंकों के आधार पर पास होने की प्रणाली अब खत्म हो गई है।
पुरानी पद्धति में विद्यार्थी इंटरनल में अच्छे अंक लेकर थ्योरी की कमी पूरी कर लेते थे, लेकिन नए नियम छात्रों को विषय की गहराई से समझ विकसित करने और संतुलित तैयारी करने के लिए बाधित करेंगे।
शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि MA और MCom के छात्रों के लिए यह बदलाव चुनौतीपूर्ण होगा क्योंकि इन कोर्स में चार थ्योरी पेपर होते हैं। वहीं MSc छात्रों के लिए यह नियम फायदे का सौदा साबित हो सकता है, क्योंकि अब MSc में दो थ्योरी और दो प्रैक्टिकल पेपर होंगे, जिससे ओवरऑल रिजल्ट बेहतर होने की संभावना है। उच्च शिक्षा विभाग का कहना है कि नई नीति छात्रों को सिर्फ परीक्षा पास करने के बजाय विषय का वास्तविक ज्ञान प्राप्त करने के लिए प्रेरित करेगी।

