मेधा पाटकर गिरफतार..13 करोड़ का चंदा खाने का आरोप..11 अन्य कार्यकर्ताओं के खिलाफ भी मामला दर्ज..धन आने का स्त्रोत भी नही बताया!

Date:


बड़वानी.
मध्यप्रदेश की बड़वानी कोतवाली पुलिस ने नर्मदा बचाओ आंदोलन की नेत्री मेधा पाटकर तथा 11 अन्य लोगों के विरुद्ध उनके एनजीओ द्वारा आदिवासी बच्चों की शिक्षा तथा अन्य सामाजिक कार्यों के नाम पर साढ़े तेरह करोड़ से अधिक की राशि एकत्र कर कथित तौर राजनीतिक गतिविधियों और विकास परियोजनाओं के खिलाफ विरोध प्रदर्शन में दुरुपयोग करने के मामले में प्रकरण दर्ज किया गया है।

पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला ने आज बताया कि राजपुर थाना क्षेत्र के टेमला बुजुर्ग निवासी प्रीतम राज के शिकायत आवेदन पर मेधा पाटकर, परवीन समी जहांगीर, विजया चौहान और संजय जोशी समेत 12 लोगों के विरुद्ध धारा 420 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर इसकी विवेचना आरंभ कर दी गई है।

उन्होंने बताया कि मेधा पाटकर तथा अन्य न्यासियों के विरुद्ध उनकी संस्था नर्मदा नवनिर्माण अभियान के माध्यम से वर्ष 2007 से 2022 के बीच विभिन्न शैक्षणिक एवं सामाजिक गतिविधियों के नाम पर एकत्र 13 करोड़ 50 लाख से अधिक राशि के दुरुपयोग का आरोप है। उन्होंने बताया कि प्रकरण की विवेचना में धाराएं बढ़ भी सकती हैं। आरोप के मुताबिक मेधा पाटकर एवं अन्य आरोपियों ने सामाजिक कार्यों तथा मध्यप्रदेश एवं महाराष्ट्र के आदिवासी बच्चों के प्राथमिक स्कूल स्तर पर शैक्षणिक उद्देश्य आदि के लिए दान एकत्र किया गया।

लेकिन इस राशि से राजनीतिक गतिविधियों के वित्त पोषण के साथ विकास परियोजनाओं के खिलाफ बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन के प्रबंधन और आयोजन किए गए। प्राथमिकी में बताया गया है कि लगभग 14 वर्षों में जिस समय न्यासियों ने लगभग 13 करोड 52 लाख 59 हजार 304 रुपयों की कुल धनराशि जमा की एवं उतनी ही धनराशि खर्च की, परंतु न तो धन का स्त्रोत और न ही इसके लिए किए गए व्यय का स्पष्ट खुलासा किया गया है।

इसमें बताया गया है कि वर्ष 2020 से 2022 के दौरान भी जब पूरी दुनिया कोविड-19 से ग्रसित थी उक्त न्यास सीएसआर नीति से मझगांव डक लिमिटेड से प्राप्त 65 लाख रुपये से अधिक राशि खर्च करने में कामयाब रहा, जिसका हिसाब भी दर्ज नहीं है।

प्राथमिकी में सीएसआर निधि का दुरुपयोग, नर्मदा नवनिर्माण के तीन खातों से 1.69 करोड रु नगद निकासी, ऑडिट रिपोर्ट/ खाता विवरण का अस्पष्ट होना, व्यय का तथ्य के अनुरूप ना होना, ट्रस्ट द्वारा बनाए गए सभी 10 खातों में वित्तीय लेनदेन में संदिग्ध पैटर्न देखा जाना जिसमें 4.7 करोड की राशि की नियमित और अज्ञात नगद निकासी हुई है।

प्राथमिकी में इंदौर की अदालत में मेधा पाटकर द्वारा अपनी सालाना आय 6000 बताए जाने के विरुद्ध उनके व्यक्तिगत खाते में वर्ष 2007 से 2021-22 के बीच 19 लाख 25 हजार 711 रुपए प्राप्त हुए हैं। प्राथमिकी में यह भी आशंका जताई गई है कि नर्मदा नव निर्माण अभियान शायद या तो धन शोधन के लिए एक मोर्चा है या राष्ट्र विरोधी/ भारत विरोधी गतिविधियों के वित्त पोषण के लिए महाराष्ट्र में धन भेजने के लिए बनाया गया है।

इसमें यह भी बताया गया है कि अभियान के तौर तरीकों से ऐसा प्रतीत होता है कि सुश्री मेधा पाटकर जो ट्रस्ट की न्यासी हैं, ने अपने ब्रांड और छवि का उपयोग पारिस्थितिक संरक्षण के नाम पर सरकार की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं के खिलाफ योजना बनाने और प्रबंधन करने के लिए करती हैं और उनकी अनधिकृत तरीके से प्राप्त लोकप्रियता के कारण, नर्मदा नव निर्माण द्वारा वित्तीय दान प्राप्त किया जाता है और उक्त दान को निजी या राजनीतिक उद्देश्यों के लिए धन शोधन का उपयोग किया जाता है।

उधर, इस संबंध में मेधा पाटकर जोकि आम आदमी पार्टी की टिकट पर चुनाव लड़ चुकी हैं, ने आज बड़वानी में पत्रकारों से चर्चा के दौरान कहा कि फिलहाल उन्हें इस तरह के प्रकरण दर्ज होने की सूचना नहीं है। उन्होंने कहा कि पहले भी इस तरह के आरोप लग चुके हैं और हमारे पास आय और व्यय संबंधित समस्त दस्तावेज और ऑडिट उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि विस्थापन बच्चों के अध्ययन के लिए चलाई जाने वाली जीवनशालाये 30 वर्षों से संचालित है।

यह लॉकडाउन के दौरान बंद रही, लेकिन अभी पुनः आरंभ हो गई है। उन्होंने कहा कि जीवन शालाओं में निमाड़ के किसान अनाज भी प्रदान करते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि जीवन शालाओं के लिए जो मदद आती है वह उसी में खर्च की जाती है। इसके अलावा शिक्षा स्वास्थ्य प्रशिक्षण पुनर्वसन आदि में भी काम किया जाता है।

उन्होंने अपनी सालाना आय 6 हजार रुपए बताए जाने और उनके खातों में 19 लाख रुपए से अधिक की राशि पाए जाने को लेकर कहा कि वह उक्त खाता स्वयं नहीं संचालित करती है। इसका संचालन एक सेवानिवृत्त व्यक्ति करते हैं। उधर शिकायतकर्ता प्रीतम राज का कहना है कि वह आरएसएस तथा एबीवीपी से अवश्य जुड़ा है लेकिन प्रकरण से इसका कोई संबंध नहीं है।

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img
spot_imgspot_img

#Crime Updates

More like this
Related