KULDEEP NIGAM OLD AGE HOME: Veteran journalist Ram Avatar Tiwari honored upon completing 37 years!
KULDEEP NIGAM OLD AGE HOME: रायपुर के प्रथम वृद्धाश्रम के रूप में 10 सितंबर 1989 को प्रारंभ हुए छत्तीसगढ़ बाल एवं वृद्ध कल्याण परिषद द्वारा संचालित कुलदीप निगम वृद्धाश्रम, माना कैंप, रायपुर ने अपने 37 वर्ष आज पूर्ण कर लिए हैं।
इस अवसर पर वृद्धाश्रम परिसर में “बुजुर्गों का सम्मान और हमारी संस्कृति की पहचान” विषय पर परिचर्चा एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
परिचर्चा की शुरुआत वक्ता राहुल सिंह परिहार ने करते हुए कहा कि सनातन संस्कृति में बुजुर्गों का सम्मान पूजा के समान माना गया है। नई पीढ़ी को संस्कारवान बनाने और इस परंपरा को आगे बढ़ाने की दिशा में ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कुलदीप निगम वृद्धाश्रम के अध्यक्ष राजेन्द्र कुमार निगम ने कहा कि 37 वर्षों के अनेक उतार-चढ़ाव के बावजूद वृद्धाश्रम आज भी बुजुर्गों की निरंतर सेवा के अपने संकल्प पर कायम है।
इस अवसर पर वृद्धाश्रम के संचालन एवं सेवा कार्यों में सहयोग देने वाले वरिष्ठ पत्रकारों और समाजसेवियों को मुख्य अतिथि पूज्य शदाणी दरबार तीर्थ के सचिव एवं शदाणी सेवा मंडल के अंतराष्ट्रीय अध्यक्ष उदय शदाणी ने सम्मानित किया। वरिष्ठ पत्रकार राम अवतार तिवारी को शाल श्रीफल एवं अभिनंदन पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार और जानी-मानी एंकर अमृता शर्मा ने किया।
समारोह के अंत में उदय शदाणी जी ने वरिष्ठ पत्रकार अमृता शर्मा सहित छत्तीसगढ़ बाल एवं वृद्ध कल्याण परिषद द्वारा संचालित कुलदीप निगम वृद्धाश्रम के पदाधिकारियों का भीे शाल और श्रीफल देकर सम्मानित किया।
