CG ROAD SCAM : MLA fund game, Rs 10.80 lakh withdrawn without road being built…
कोरबा. कोरबा जिले में विधायक मद से बनने वाली सड़क में बड़े घोटाले का मामला सामने आया है। करतला विकासखंड में सीसी रोड निर्माण के लिए स्वीकृत 12 लाख रुपये में से करीब 90 फीसदी रकम सड़क बने बिना ही निकाल ली गई। मामला उजागर होते ही जनपद पंचायत स्तर पर हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक जनपद पंचायत करतला के ग्राम पंचायत बड़मार में हाईस्कूल से मेन रोड तक सीसी रोड निर्माण का कार्य सत्र 2025-26 में स्वीकृत हुआ था। इसके लिए विधायक मद से 12 लाख रुपये जारी किए गए थे। लेकिन आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदार की मिलीभगत से बिना काम शुरू किए ही 10 लाख 80 हजार रुपये का आहरण कर लिया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि मौके पर न तो कोई निर्माण सामग्री मौजूद है और न ही सड़क निर्माण का काम आज तक शुरू हुआ है। इसके बावजूद कागजों में सड़क निर्माण दर्शाकर लाखों रुपये का भुगतान कर दिया गया। हैरानी की बात यह है कि पूरे मामले के सामने आने के बाद भी अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है।
बताया जा रहा है कि नियमों को ताक पर रखते हुए पहले 50 प्रतिशत यानी 6 लाख रुपये की पहली किश्त जारी की गई। इसके बाद काम शुरू हुए बिना ही दूसरी किश्त के रूप में 40 प्रतिशत यानी 4 लाख 80 हजार रुपये का भुगतान भी कर दिया गया। सवाल यह उठ रहा है कि बिना कार्य प्रारंभ, बिना गुणवत्ता प्रमाण पत्र, उपयोगिता प्रमाण पत्र और सूचना बोर्ड के आखिर किस आधार पर 90 फीसदी भुगतान कर दिया गया।
इस मामले पर करतला जनपद के सीईओ से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका मोबाइल बंद मिला। पूरे प्रकरण ने एक बार फिर जनपद पंचायत की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस मामले में सख्त कार्रवाई करता है या फिर यह मामला भी जांच के नाम पर ठंडे बस्ते में चला जाता है।

