CG MURDER CASE : Girl murdered after being strangled to death due to unrequited love…
कोरबा। कोरबा जिले के दीपका थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने गड़ासे (चापड़) से युवती का गला काटकर बेरहमी से हत्या कर दी। वजह बताई जा रही है, एकतरफा प्यार और लगातार फोन कॉल से उपजा गुस्सा।
मृत युवती की पहचान रानू साहू (23) के रूप में हुई है, जो नागिन झोरखी गांव की रहने वाली थी। वह अपने माता-पिता की इकलौती बेटी थी। हत्या का आरोपी राहुल जोगी (26) बांधाखार का निवासी और पेशे से ट्रक ड्राइवर है। पुलिस के मुताबिक रानू राहुल से एकतरफा प्यार करती थी और उससे जबरन “I Love You” बुलवाने का दबाव बनाती थी। राहुल कई बार मना कर चुका था, लेकिन कॉल्स और मैसेज बंद नहीं हुए।
सिलसिलेवार पढ़िए पूरी वारदात
16 जनवरी की शाम रानू साहू घर पर अकेली थी। उसके माता-पिता किसी काम से बाहर गए हुए थे। शाम करीब 7 बजे जब वे लौटे, तो घर के अंदर खून से सनी रानू की लाश पड़ी थी। गले पर गहरे घाव के निशान थे। यह देख परिजनों की चीख-पुकार मच गई।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत दीपका पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।
डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक की मदद
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम बुलाई। साक्ष्यों और मोबाइल जांच के आधार पर आरोपी राहुल जोगी की पहचान हुई।
दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू के मुताबिक पुलिस टीम जब आरोपी को पकड़ने पहुंची, तो राहुल अपने ट्रक के पास सोता हुआ मिला। उसे तुरंत हिरासत में ले लिया गया।
गुस्से में खोया आपा, धारदार हथियार से हमला
पूछताछ में आरोपी राहुल ने बताया कि 16 जनवरी की देर शाम रानू ने उसे फोन किया था। फोन पर जमकर कहासुनी हुई। गुस्से में आकर राहुल धारदार हथियार लेकर सीधे रानू के घर पहुंच गया और उस पर हमला कर दिया। मौके पर ही उसने रानू का गला काट दिया और फरार हो गया।
हत्या के बाद आरोपी दीपका-हरदीबाजार रोड पर खड़ी अपनी ट्रक के पास गया और वहीं आराम से सो गया।
पहले भी हो चुका था विवाद
पुलिस के मुताबिक रानू और राहुल की पहले से जान-पहचान थी। रानू के एकतरफा प्यार को लेकर दोनों के बीच पहले भी विवाद हो चुका था। राहुल ने कई बार दूरी बनाने की कोशिश की थी।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शव पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की जांच जारी है।

