CG RAPE CASE : Rape accused resting in hospital
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा में दुष्कर्म के एक आरोपी को अस्पताल में मिली सुविधाओं को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। शादी का झांसा देकर दैहिक शोषण के आरोप में घिरे पवन महतो को मेडिकल कॉलेज अस्पताल के स्पेशल वार्ड में मोबाइल पर बात करते और गुटखा खाते देखा गया। इस मामले में पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक विधवा महिला ने पवन महतो पर शादी का झांसा देकर लगातार दैहिक शोषण करने का आरोप लगाया है। आरोपी के अडानी पावर प्लांट में काम करने की बात कही गई है। शिकायत के आधार पर 8 अक्टूबर को FIR दर्ज की गई थी।
इसके बाद पुलिस आरोपी को पकड़कर मेडिकल परीक्षण के लिए ले गई। इसी दौरान तबीयत खराब होने की बात सामने आई, जिसके बाद उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोप है कि उसे सामान्य वार्ड के बजाय स्पेशल वार्ड में रखा गया, जहां वह मोबाइल का इस्तेमाल कर रहा था। उसकी निगरानी के लिए दो आरक्षक तैनात थे।
पुलिसकर्मियों पर भी होगी जांच
मामले में CSP प्रतीक चतुर्वेदी ने कहा कि आरोपी तकनीकी रूप से गिरफ्तार नहीं था। उसके भागने की आशंका के चलते पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। तबीयत खराब होने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है और डिस्चार्ज होने के बाद वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
CSP ने यह भी कहा कि ड्यूटी पर तैनात आरक्षकों की लापरवाही की जांच SP स्तर पर कराई जाएगी और जांच के आधार पर कार्रवाई होगी।
अब सवाल यह है कि अस्पताल में आरोपी की निगरानी में चूक हुई या उसे विशेष सुविधाएं दी गईं। इसका जवाब जांच के बाद ही सामने आएगा।
