बिलासपुर: टिकट लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करने, बिना टिकट यात्रा पर प्रभावी रोक लगाने तथा यात्रियों को रेलवे नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल द्वारा बिलासपुर एवं चांपा स्टेशन पर किलाबंदी टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया।
यह अभियान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अनुराग कुमार सिंह के मार्गदर्शन एवं मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री एस. भारतीयन व सहायक वाणिज्य प्रबंधक श्री डी.एस. चौहान के नेतृत्व में दिनांक 08 जनवरी 2026 को आयोजित किया गया। अभियान में मुख्य वाणिज्य निरीक्षक, मुख्य टिकट निरीक्षक एवं टीटीई स्टाफ की सक्रिय भागीदारी रही।
इस अभियान के अंतर्गत बिलासपुर एवं चांपा स्टेशनों पर विशेष किलाबंदी टिकट जांच की गई। इसके साथ ही बिलासपुर एवं चांपा स्टेशनों के मध्य 25 ट्रेनों में व्यापक रूप से टिकट जांच की गई। इस दौरान कुल 634 मामलों से 3,74,700 रुपये बतौर जुर्माना वसूला गया। इनमें बिना टिकट यात्रा के 418 मामलों से 2,86,065 रुपये, अनियमित टिकट के 187 मामलों से 85,665 रुपये तथा बिना बुक किए गए लगेज के 29 मामलों से 2,970 रुपये का जुर्माना शामिल है।
रेल प्रशासन यात्रियों से अपील करता है कि वे यात्रा के लिए उचित एवं वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें तथा स्टेशन परिसर में प्रवेश से पूर्व प्लेटफार्म टिकट अवश्य खरीदें। एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म पर जाने के लिए फुटओवर ब्रिज का ही उपयोग करें। रेलगाड़ी राष्ट्रीय संपत्ति है, इसे स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाए रखने में रेल प्रशासन का सहयोग करें।

