CG DHAN KHARIDI SCAM : 26 हजार क्विंटल धान गायब, ‘चूहे खा गए’ तर्क पर सियासी संग्राम

Date:

CG DHAN KHARIDI SCAM : 26 thousand quintals of paddy missing, political battle on ‘rats ate’ argument

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में धान खरीदी को लेकर बड़ा घोटाला सामने आया है। खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 के दौरान बाजार चारभांठा और बघर्रा धान खरीदी केंद्र में MSP पर खरीदे गए करीब 26 हजार क्विंटल धान का शॉर्टेज मिला है। जांच में इसकी बाजार कीमत करीब 7 करोड़ रुपए आंकी गई है।

जांच के दौरान दोनों धान खरीदी केंद्रों में फर्जी एंट्री, फर्जी बिल, मजदूरों की फर्जी हाजिरी और CCTV कैमरों से छेड़छाड़ जैसे गंभीर मामले सामने आए हैं। शिकायत सही पाए जाने के बाद बाजार चारभांठा धान खरीदी केंद्र के प्रभारी प्रीतेश पांडे को पद से हटा दिया गया है।

मामले को लेकर कांग्रेस ने कलेक्टर और जिला विपणन अधिकारी (DMO) से शिकायत की और DMO कार्यालय पहुंचकर जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रतीकात्मक रूप से विपणन संघ अधिकारी को चूहा पकड़ने का पिंजरा सौंपा और निष्पक्ष जांच के साथ दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार में, वह भी उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के जिले में, 26 हजार क्विंटल धान गायब हो गया। अधिकारियों का यह कहना कि धान चूहे-दीमक खा गए, पूरी तरह हास्यास्पद है। ऐसा लगता है कि “भाजपाई चूहा” ही किसानों का धान खा रहा है।

वहीं भाजपा नेता संजय श्रीवास्तव ने पलटवार करते हुए कहा कि अगर गड़बड़ी हुई है तो जांच के बाद संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों पर कार्रवाई होगी। भाजपाइयों पर आरोप लगाना गलत है। प्रदेश के अधिकांश घोटालों में कांग्रेस नेताओं के नाम ही सामने आए हैं।

जानकारी के मुताबिक कवर्धा जिले में कुल 108 धान खरीदी केंद्र हैं। इनमें कवर्धा ब्लॉक के बाजार चारभांठा और पंडरिया ब्लॉक के बघर्रा केंद्र में भारी गड़बड़ी पाई गई है। जिला विपणन अधिकारी अभिषेक मिश्रा ने दावा किया है कि धान का नुकसान चूहे, दीमक, कीड़े और मौसम की खराबी के कारण हो सकता है। बघर्रा केंद्र में जांच अभी जारी है, जांच पूरी होने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।

इस मामले में कांग्रेस पदाधिकारियों ने DMO को ज्ञापन सौंपते हुए जल्द जांच पूरी करने, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और राशि की वसूली की मांग की है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष नवीन जायसवाल ने भाजपा पर किसान विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि सात करोड़ का धान गायब होना सीधे घोटाले की ओर इशारा करता है।

कांग्रेस किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष रवि चंद्रवंशी ने मामले को हास्यास्पद बताते हुए SIT जांच की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं हुईं तो आने वाले दिनों में उग्र आंदोलन किया जाएगा।

 

 

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img
spot_imgspot_img

#Crime Updates

More like this
Related