JHARKHAND ROAD ACCIDENT : Three members of a family from Rajnandgaon died.
राजनांदगांव. झारखंड में ट्रक और कार की आमने-सामने टक्कर में छत्तीसगढ़ के एक परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा मंगलवार, 13 अक्टूबर को पश्चिमी सिंहभूम जिले के हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र में हुआ। कार सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जबकि नौ महीने का बच्चा सुरक्षित बच गया।
टक्कर इतनी तेज कि कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त
जानकारी के मुताबिक, राजनांदगांव का परिवार कार से जमशेदपुर जा रहा था। इसी दौरान कुदापी डाउन के पास कथित तौर पर गलत दिशा से आ रहे ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में अमृत कौर (45), अमनदीप कौर (15) और गुर सिमरन कौर (11) की मौत हो गई। वहीं, हरमन कौर (6) और प्रदीप सिंह (57) गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों का जमशेदपुर में इलाज
घटना की सूचना मिलते ही हाटगम्हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। घायलों को पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH), जमशेदपुर रेफर किया गया। दोनों का इलाज जारी है।
ट्रक चालक की तलाश जारी
पुलिस के मुताबिक, हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। दुर्घटना में शामिल ट्रक और कार को भी जब्त किया गया है। तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
