CG CHAKKA JAM : Chakka jam proved costly, FIR lodged against 20 people
जांजगीर–चांपा। मत्स्य विभाग कार्यालय के सामने मछुआ समिति से जुड़े लोगों द्वारा किया गया चक्काजाम अब कानूनी कार्रवाई में बदल गया है। सड़क पर बैठकर करीब तीन घंटे तक जांजगीर–चांपा मुख्य मार्ग को जाम करने के मामले में पुलिस ने 20 लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है, जबकि अन्य अज्ञात प्रदर्शनकारियों को भी आरोपी बनाया गया है।
इस चक्काजाम के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्कूली बच्चे, मरीज, एंबुलेंस, कामकाजी लोग और आम नागरिक घंटों जाम में फंसे रहे। हालात इतने बिगड़े कि पूरा मार्ग ठप हो गया।
शासकीय कर्मचारियों से गाली-गलौच का आरोप
सहायक संचालक मत्स्य विभाग सीताराम अहिरवार ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि जब विभागीय कर्मचारी प्रदर्शनकारियों को समझाने पहुंचे, तो उनके साथ अभद्र व्यवहार और गाली-गलौच की गई। शिकायत में यह भी कहा गया कि जानबूझकर शासकीय कार्य में बाधा डाली गई।
BNS की धाराओं में केस दर्ज
पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 221 और 126(2) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक सार्वजनिक मार्ग जाम करना और शासकीय काम में बाधा डालना गंभीर अपराध है।
एसपी के निर्देश पर सख्ती
एसपी विजय कुमार पांडेय (भापुसे) ने मामले को गंभीर मानते हुए आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
प्रशासन की साफ चेतावनी
प्रशासन ने कहा है कि मांगें रखने का अधिकार सभी को है, लेकिन सड़क जाम कर आम जनता को परेशान करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आगे भी इस तरह की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

