नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) ने 2026 मिनी ऑक्शन की फाइनल खिलाड़ियों की सूची जारी कर दी है। दुनियाभर के 1355 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, जिनमें से 350 खिलाड़ियों को अंतिम लिस्ट में जगह मिली है। इनमें 240 भारतीय और 110 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं।
2 करोड़ बेस प्राइस में 40 खिलाड़ी
इस बार अधिकतम 2 करोड़ रुपये का बेस प्राइस रखा गया है, जिसमें 40 खिलाड़ियों ने नाम दिया है। इनमें कैमरून ग्रीन, वेंकटेश अय्यर, मथीशा पथिराना, डेविड मिलर, रचिन रवींद्र और स्टीव स्मिथ जैसे दिग्गज शामिल हैं।
इसके अलावा—
1.5 करोड़ कैटेगरी: 9 खिलाड़ी
1.25 करोड़ कैटेगरी: 4 खिलाड़ी
1 करोड़ कैटेगरी: 17 खिलाड़ी
75 लाख कैटेगरी: 42 खिलाड़ी
सबसे बड़ा समूह 30 लाख बेस प्राइस वाले खिलाड़ियों का है—कुल 227 खिलाड़ी, जिनमें 224 भारतीय और 14 विदेशी शामिल हैं।
10 टीमें करेंगी 77 स्लॉट के लिए बोली
मिनी ऑक्शन में 10 फ्रेंचाइजी 77 स्लॉट भरेंगी, जिनमें 31 स्लॉट विदेशी खिलाड़ियों के लिए आरक्षित हैं। नीलामी अबू धाबी में भारतीय समयानुसार 2:30 PM से होगी। सबसे बड़ा पर्स कोलकाता नाइट राइडर्स (64.3 करोड़) के पास है। इसके बाद CSK (43.4 करोड़) और SRH (25.5 करोड़) का नंबर आता है।
रसेल–पथिराना जैसे खिलाड़ी रिलीज
मिनी नीलामी से पहले फ्रेंचाइजियों ने 71 खिलाड़ियों को रिलीज किया था, जिनमें 32 विदेशी शामिल थे। आंद्रे रसेल और मथीशा पथिराना जैसे खिलाड़ियों को रिटेन नहीं किया गया। रसेल ने इसके बाद IPL से संन्यास लेकर KKR कोचिंग स्टाफ जॉइन किया।
