HAJI MASTAN DAUGHTER : Forced into marriage with her brother, repeatedly raped, underworld don’s daughter seeks justice from PM-HM
नई दिल्ली। मुंबई अंडरवर्ल्ड के कुख्यात डॉन रहे हाजी मस्तान की बेटी हसीन मस्तान मिर्जा ने अपने साथ हुए कथित बलात्कार, जबरन शादी, हत्या के प्रयास और संपत्ति हड़पने के गंभीर आरोप लगाए हैं। हसीन ने इस मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से न्याय की गुहार लगाई है।
हसीन मस्तान का आरोप है कि साल 1996 में, जब वह नाबालिग थीं, तब उनकी जबरन शादी उनके मामा के बेटे से कराई गई। उन्होंने दावा किया कि उसी व्यक्ति ने उनके साथ बलात्कार किया, लंबे समय तक शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न किया और उनकी पहचान का दुरुपयोग कर उनकी संपत्ति पर कब्जा कर लिया। हसीन के मुताबिक आरोपी व्यक्ति इससे पहले आठ शादियां कर चुका था।
समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में हसीन ने कहा कि जब उनके साथ ये सब हुआ, तब वह सिर्फ एक बच्ची थीं और उन्हें किसी का सहारा नहीं मिला। उन्होंने कहा कि उनके साथ बलात्कार हुआ, हत्या की कोशिश की गई, बाल विवाह कराया गया और उनकी संपत्ति छीन ली गई। अत्याचारों से टूटकर उन्होंने तीन बार आत्महत्या की कोशिश भी की।
हसीन की यह अपील उस वीडियो के बाद सामने आई है, जो उन्होंने हाल ही में सोशल मीडिया पर साझा किया था। वीडियो में उन्होंने कहा कि वह कई वर्षों से न्याय के लिए दर-दर भटक रही हैं, लेकिन अब तक उन्हें इंसाफ नहीं मिला।
तीन तलाक कानून पर क्या बोलीं हसीन
हसीन मस्तान ने प्रधानमंत्री मोदी द्वारा लाए गए तीन तलाक कानून की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस्लाम में तीन तलाक का दुरुपयोग हो रहा था और कानून बनने से महिलाओं को राहत मिली। साथ ही उन्होंने यौन अपराध और जबरन विवाह जैसे मामलों में त्वरित और सख्त कानून की मांग की।
पिता का नाम घसीटे जाने पर जताया ऐतराज
हसीन ने मीडिया से अपील की कि इस मामले में उनके पिता हाजी मस्तान का नाम बार-बार न जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि यह उनके पिता की कहानी नहीं, बल्कि उनका निजी संघर्ष है। हसीन के मुताबिक ये घटनाएं उनके पिता की मौत के दो साल बाद हुई थीं।
उन्होंने यह भी बताया कि शादी के बाद उन्हें परिवार से अलग-थलग कर दिया गया था और काफी समय तक उन्हें यह भी नहीं पता था कि उनके पिता का निधन हो चुका है।
कौन था हाजी मस्तान
हाजी मस्तान मिर्जा मुंबई अंडरवर्ल्ड का चर्चित नाम रहा है। वह रियल एस्टेट और समुद्री तस्करी से जुड़े कारोबार में सक्रिय था और उसके संबंध दाऊद इब्राहिम सहित कई अंडरवर्ल्ड हस्तियों से बताए जाते हैं। हाजी मस्तान का निधन 25 जून 1994 को दिल का दौरा पड़ने से हुआ था।
