EOW action creates stir, Sarpanch arrested while taking bribe of Rs 15,000
सिवनी: आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) जबलपुर ने भ्रष्टाचार के एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के ग्राम पंचायत पलारी के सरपंच रामगोपाल डेहरिया (32) को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी सरपंच ने गांव के एक गरीब व्यक्ति से उसकी झोपड़ी में सुधार कार्य न रोकने के बदले रिश्वत मांगी थी जिसे सिवनी बस स्टैंड से ट्रैप कार्रवाई के दौरान पकड़ा गया।

ईओडब्ल्यू के डीएसपी मंजीत सिंह के अनुसार पलारी गांव के जान्हवी नगर चूना भट्टी क्षेत्र में रहने वाले शिवचरण नागवंशी अपने कच्चे घर में मरम्मत और सुधार का काम करवा रहा था। सरपंच रामगोपाल डेहरिया ने इस निर्माण को अवैध बताते हुए उसे तुड़वाने की धमकी दी और काम जारी रखने देने के एवज में 15 हजार रुपये की रिश्वत मांग ली।
पीड़ित ने की शिकायत
पीड़ित शिवचरण नागवंशी ने इसकी शिकायत ईओडब्ल्यू जबलपुर से की। शिकायत के के बाद EOW टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। योजना के तहत शिकायतकर्ता ने सरपंच को सिवनी बस स्टैंड पर बुलाया। जैसे ही सरपंच ने 15 हजार रुपये रिश्वत के रूप में लिए, मौके पर मौजूद ईओडब्ल्यू टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।
टीम ने मौके से रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली। फिलहाल आरोपी सरपंच के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (संशोधित 2018) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

