E20 Row: Kejriwal’s march to the PM’s residence against E20 petrol!
E20 ROW: दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल मंगलवार को E20 पेट्रोल के विरोध में दोपहर 12 बजे AAP मुख्यालय से करीब 100 लोगों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास तक मार्च निकालने की तैयारी में हैं।
इस मार्च के माध्यम से E20 नीति के खिलाफ देशभर के लोगों द्वारा हस्ताक्षरित याचिकाएं प्रधानमंत्री को सौंपने का प्रयास करेंगे। पार्टी ने इन याचिकाओं की संख्या दो लाख से अधिक बताई है।
वही दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने कहा है कि मार्च के लिए अनुमति नहीं दी गई है। पुलिस प्रधानमंत्री आवास की ओर किसी अनधिकृत जुलूस को बढ़ने से रोकने के लिए सुरक्षा इंतजाम कर रही है।
केजरीवाल ने केंद्र सरकार के सामने मुख्य रूप से तीन मांगें रखी हैं।
- पहली, पेट्रोल पंपों पर उपभोक्ताओं को सामान्य या शुद्ध पेट्रोल और E20 में से चुनाव करने का विकल्प दिया जाए।
- दूसरी, E20 से संभावित माइलेज कमी को देखते हुए इसकी कीमत सामान्य पेट्रोल से कम रखी जाए।
- तीसरी, सरकार जिन अध्ययनों के आधार पर E20 को सुरक्षित बता रही है, उन्हें सार्वजनिक किया जाए।
केजरीवाल का कहना है कि उन्होंने जुलाई में प्रधानमंत्री को पत्र भेजकर E20 से जुड़ी चिंताओं पर चर्चा के लिए समय मांगा था, लेकिन उन्हें जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने हस्ताक्षर अभियान और प्रधानमंत्री आवास तक मार्च का रास्ता चुना।
