CHHATTISGARH : Reel traps hunter, case of 9 squirrels exposed
नई दिल्ली। सोशल मीडिया पर दिखावा करना अब महंगा पड़ रहा है। दंतेवाड़ा में एक शिकारी ने इंस्टाग्राम पर रील बनाई और वही रील उसकी गिरफ्तारी की वजह बन गई।
गीदम के कटुलनार इलाके का रहने वाला बंशीराम कोवासी 32 सेकेंड की रील में शिकार की तस्वीरें दिखा रहा था। बैकग्राउंड में नक्सली हिड़मा का गाना चल रहा था। वीडियो वायरल हुआ तो वन विभाग की नजर पड़ गई और पूरा मामला खुल गया।
एंटी-पोचिंग यूनिट और वन विभाग ने तुरंत एक्शन लिया, लोकेशन ट्रेस की और आरोपी को पकड़ लिया। जांच में पता चला कि आरोपी ने 9 दुर्लभ भारतीय विशाल गिलहरियों का शिकार किया था, जो कानूनन गंभीर अपराध है।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि ये अकेले का काम नहीं था। कुल 11 लोगों का गिरोह था, जो दो बार शिकार पर गया। पहले 2 और फिर 9 गिलहरियों को मारकर उनका मांस खा लिया गया।
वन विभाग को आरोपी के पास से भालू की खाल और शिकार के औजार भी मिले हैं। अब बाकी आरोपियों की तलाश जारी है और सभी पर कड़ी कार्रवाई की तैयारी है।
एक छोटी सी रील ने पूरे शिकार कांड का पर्दाफाश कर दिया, अब यही सोशल मीडिया आरोपी के खिलाफ सबसे बड़ा सबूत बन गया है।

