CG BREAKING : If the road is bad then the contractor will be blacklisted, CM’s blunt statement
रायपुर। छत्तीसगढ़ में सड़क निर्माण को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सख्त रुख दिखाया है। उन्होंने साफ कहा है कि अब सड़क निर्माण में किसी भी तरह की लापरवाही या घटिया काम बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अगर कहीं भी सड़क की गुणवत्ता खराब मिली तो संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई होगी और ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट कर दिया जाएगा।
मंत्रालय में लोक निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क बनने के बाद नहीं, बल्कि निर्माण के दौरान ही फील्ड में जाकर लगातार निरीक्षण करें। ताकि काम की गुणवत्ता पर नजर रखी जा सके। उन्होंने कहा कि सड़कें आम लोगों की सुविधा से सीधे जुड़ी होती हैं और खराब सड़क सरकार की छवि भी खराब करती है।
बैठक में बागबहार–कोतबा सड़क की खराब हालत पर मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि अगर सड़क चार साल भी नहीं टिके तो ऐसे निर्माण का कोई मतलब नहीं है। इस मामले में जांच के निर्देश भी दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सड़क निर्माण के टेंडर से लेकर काम दिए जाने तक की पूरी प्रक्रिया की समय-सीमा तय की जाए। कई बार ठेकेदार बहुत कम दर पर टेंडर ले लेते हैं और बाद में काम की गुणवत्ता गिर जाती है। ऐसे मामलों में ठेकेदार की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि प्रदेश के करीब 300 ऐसे गांवों को प्राथमिकता से सड़क और पुल-पुलिया से जोड़ा जाए, जहां बारिश के समय संपर्क पूरी तरह टूट जाता है। कई बार लोगों को बीमार मरीजों को खाट में उठाकर ले जाना पड़ता है, जो बेहद चिंताजनक स्थिति है।
समीक्षा बैठक में कई बड़ी सड़क परियोजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अब शासकीय भवनों का निर्माण आधुनिक डिजाइन और नई तकनीक के साथ किया जाना चाहिए, ताकि उनकी उपयोगिता और स्वरूप दोनों बेहतर हो सकें।

