CM SAI NEWS: Chhattisgarh’s achievement in ‘Public Participation in Water Conservation’!
CM SAI NEWS: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में नई दिल्ली में आयोजित शिखर सम्मेलन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ ने जनभागीदारी आधारित जल संरक्षण का प्रभावी मॉडल देश के सामने प्रस्तुत किया है। जल शक्ति मंत्रालय के ‘जल संचय जन भागीदारी’ अभियान के तीसरे चरण में राज्य ने देश में पहला स्थान प्राप्त किया। छत्तीसगढ़ के पांच जिले भी जल संरक्षण में देश के शीर्ष 10 जिलों में शामिल हुए हैं।
छत्तीसगढ़ ने जल संरक्षण को केवल सरकारी योजनाओं तक सीमित न रखकर जनअभियान बनाया है। इसमें किसानों, ग्राम पंचायतों, जल सखियों, जल मित्रों और स्थानीय समुदायों को जोड़ा गया।
उन्होंने कहा कि किसान परिवार से होने के कारण वे पानी का महत्व समझते हैं। इसलिए जल संरक्षण की योजनाओं के केंद्र में किसान और गांव को रखा गया। छत्तीसगढ़ देश के कुल भौगोलिक क्षेत्रफल का लगभग चार फीसदी हिस्सा है।
मुख्यमंत्री साय ने जल संरक्षण अभियान को प्रभावी बनाने के लिए कई सुझाव दिए। उन्होंने प्रत्येक राज्य को अपनी परिस्थितियों के अनुरूप अलग ‘कैच द रेन’ योजना तैयार करने को कहा। बेहतर प्रदर्शन करने वाले राज्यों को प्रोत्साहित करने के लिए ‘राज्य जल पुरस्कार’ शुरू करने का सुझाव दिया।
मुख्यमंत्री ने BISAG-N के माध्यम से जल संरचनाओं की मैपिंग मजबूत करने को कहा। उन्होंने मुख्य सचिव की अध्यक्षता में त्रैमासिक समीक्षा का भी प्रस्ताव रखा। जल संरक्षण से भू-जल स्तर सुधरेगा, सिंचाई के लिए पानी बढ़ेगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।
