300 फीट ऊंची टंकी पर चढ़कर युवक 4-5 घंटे तक करता रहा हाईवोल्टेड ड्रामा, मारपीट के मामले में पकड़ने पहुंची थी पुलिस

Date:

कोरबा : कोरबा में आज एक युवक 300 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गया। दर्री इलाके की NTPC कॉलोनी में इसके चलते 4-5 घंटे तक हाईवोल्टेड ड्रामा चलता रहा। बाद में युवक को समझा-बुझाकर नीचे उतारा गया। युवक नशे का आदी है और मारपीट के एक मामले में उसे पुलिस ढूंढ रही थी। दरअसल युवक आर्यन के खिलाफ दर्री थाने में कुछ दिनों पहले मारपीट का केस दर्ज किया गया था। उस पर आरोप है कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर एक युवक को बुरी तरह पीटा था। इसी मामले में वह फरार था। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि वो अपने घर पर है। पुलिस उसे पकड़ने के लिए पहुंची, लेकिन उस दौरान वो घर पर मौजूद नहीं था। इधर आरोपी को पता चला कि पुलिस उसकी तलाश सरगर्मी से कर रही है, तो वो घबरा गया। गिरफ्तारी से बचने के लिए वो 300 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गया। पुलिस को जैसे ही घटना का पता चला, वो तुरंत वहां पहुंची। पुलिस उसे समझाती रही, वहीं युवक जमकर तमाशा करता रहा। वो नीचे उतरने को तैयार नहीं था। वह लगातार धमकी भी दे रहा था, कि यदि किसी ने ऊपर आने की कोशिश की तो वह नीचे कूद जाएगा। आर्यन के टंकी पर चढ़कर तमाशा करने की खबर पूरे इलाके में फैल गई। लोग बड़ी संख्या में टंकी के आसपास जमा हो गए। उसके परिजन भी आ गए। सभी उससे नीचे आने के लिए आवाज देने लगे।

परेशान होती रही दर्री पुलिस

इस दौरान दर्री पुलिस यह सोचकर परेशान होती रही कि आर्यन ऊपर से नीचे ना कूदे। हालांकि पुलिस ने स्पीकर के जरिए उससे बातचीत जारी रखी। उसे आश्वासन भी दिए कि वह नीचे आ जाए तो गिरफ्तार नहीं किया जाएगा। करीब 4-5 घंटे के बाद जैसे-तैसे पुलिस के समझाने पर वो नीचे उतरा। तब जाकर पुलिस ने राहत की सांस ली। उसके नीचे उतरते ही पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।

पहले भी हुए हैं ऐसे मामले

टंकी पर चढ़कर तमाशा करने का ये कोई पहला मामला नहीं है, बल्कि इससे पहले भी ऐसे मामले सामने आते रहे हैं। अभी 2 महीने पहले ही कोरबा में एक इंजीनियर 100 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गया था। वो वहां से कूदने की धमकी देने रहा था। उसने अपने अधिकारियों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। इस बात का पता चलते ही विभाग के अधिकारी और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। फिर काफी समझाने के बाद वह माना।

पिछले कई दिनों से था नाराज

जानकारी के अनुसार, दीपका विस्तार परियोजना का काम चल रहा था। यहीं सिविल विभाग में एन के तिवारी इंजीनियर के रूप में पदस्थ हैं। पिछले कई दिनों से वे नाराज चल रहे थे और आखिरकार SECL की बनी पानी की टंकी पर चढ़ गए थे।

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img
spot_imgspot_img

#Crime Updates

More like this
Related