Trending Nowशहर एवं राज्य

छॉलीवुड स्क्रिप्ट राइटर झांसा देकर ले गया था घर, फिर 3 दोस्तों के साथ मिलकर किया एक्ट्रेस से दुष्कर्म

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में छॉलीवुड यानी छत्तीसगढ़ी फिल्मों की एक एक्ट्रेस से गैंगरेप किया गया। आरोप है कि एक स्क्रिप्ट राइटर झांसा देकर पहले अपने घर ले गया। फिर दुष्कर्म किया। इसमें तीन अन्य लोगों ने भी आरोपियों का साथ दिया। एक्ट्रेस ने जब पुलिस में शिकायत करने की बात कही तो आरोपी ने शादी का झांसा दिया और एक साल तक शोषण करता रहा। फिर शादी से भी मना कर दिया। अब एक्ट्रेस ने मस्तूरी थाने में FIR दर्ज कराई है। इसके बाद सभी आरोपी फरार हैं।

जानकारी के मुताबिक, जांजगीर-चांपा जिले की रहने वाली 23 साल की एक लड़की छॉलीवुड फिल्मों में हिरोइन है। फिल्मों में काम करने के दौरान उसकी पहचान मस्तूरी क्षेत्र के वेद परसदा गांव निवासी नारायण साहू से हुई थी। नारायण साहू छत्तीसगढ़ी फिल्मों की स्क्रिप्ट लिखता है और एक मूवी के प्रोडक्शन की तैयारी कर रहा है। एक्ट्रेस ने पुलिस को बताया कि अप्रैल 2021 में वह अपनी एक सहेली और नारायण साहू व उसके साथी नारायण भोई के साथ एक मूवी की शूटिंग के लिए रायपुर गई थी।

शूटिंग खत्म होने के बाद चारों ट्रेन से रात करीब 11 बजे बिलासपुर स्टेशन पहुंचे। वहां पर नारायण साहू ने एक्ट्रेस से कहा कि रात बहुत हो गई है। ऐसे में उनके साथ उनके गांव चले और वहां खाना खाने के बाद आराम कर सुबह चले जाना। एक ही फील्ड से होने के कारण एक्ट्रेस ने उस पर भरोसा कर लिया और अपनी सहेली के साथ नारायण साहू के घर पहुंच गई। वहां पर एक्ट्रेस और उसकी सहेली को एक कमरा दिया और खुद अपने साथी नारायण भोई के साथ दूसरे कमरे में सोने चला गया।

एक्ट्रेस का आरोप है कि देर रात नारायण साहू और नारायण भोई ने कमरे का दरवाजा खटखटाया। उसने जैसे ही दरवाजा खोला दोनों अंदर घुस आए और नारायण भोई उसकी सहेली को खींचकर दूसरे कमरे मेें ले जाकर बंद कर दिया। इसके बाद नारायण साहू ने रात भर एक्ट्रेस से दुष्कर्म किया। सुबह जब एक्ट्रेस ने पुलिस में जाने की बात कही तो नारायण साहू ने उससे कहा कि वह प्यार करता है और शादी करना चाहता है। इस दौरान दो अन्य लोग आ गए। उन्होंने और नारायण भोई ने FIR नहीं करने के लिए समझाया।

उनकी बातों में आकर एक्ट्रेस ने रिपोर्ट नहीं दर्ज करवाई। इसके बाद एक्ट्रेस मार्च 2022 तक आरोपी नारायण साहू के साथ ही लिव इन में रहने लगी। एक्ट्रेस का आरोप है कि जब भी शादी की बात करती नारायण साहू टाल जाता। अब उसने शादी से इनकार कर दिया है। इस पर एक्ट्रेस थाने पहुंची और FIR दर्ज करा दी। पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज होने के बाद से चारों आरोपी फरार हैं। उनकी तलाश की जा रही है। उनके मोबाइल नंबर भी बंद आ रहे हैं।

Share This: