रायपुर। एक दिन के प्रवास पर दिल्ली गए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल देर रात रायपुर वापस लौट आए। रायपुर हवाई अड्डे पर प्रेस प्रतिनिधियों से चर्चा में मुख्यमंत्री ने कहा, कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में उदयपुर चिंतन शिविर के एजेंडे पर चर्चा हुई है। विभिन्न विषयों पर वहां ग्रुप डिस्कशन होगा। उसके बाद सोनिया जी फैसला लेंगी।
प्रदेश के विधानसभावार दौरे के संबंध में पूछे गए एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा, हम तो शासकीय योजनाओं की जमीनी हकीकत जानने निकले थे। बहुत अच्छा रिस्पांस है। किसान हमसे प्रसन्न हैं। छात्र-छात्राओं, महिलाओं, गरीब लोगों से मिलकर योजनाओं की जानकारी ले रहे हैं। जहां-जहां कमी दिख रही है, उसके लिए निर्देश दे रहे हैं। उसे भी सुधारा जाएगा।
आज लुण्ड्रा विधानसभा के दौरे पर मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 10 मई को एक बार फिर विधानसभावार दौरे पर निकल रहे हैं। मंगलवार को वे लुण्ड्रा विधानसभा क्षेत्र सहनपुर जाएंगे। वहां से बटवाही होते हुए शाम को वे अंबिकापुर पहुंच जाएंगे। यहां सबसे पहले वे महामाया मंदिर जाकर पूजा-अर्चना करेंगे। शाम को गोंडवाना भवन में आयोजित आदिवासी सम्मेलन में शामिल होने जाएंगे। देर शाम वे अंबिकापुर सर्किट हाउस में विभिन्न राजनीतिक-सामाजिक प्रतिनिधिमंडलों से भेंट मुलाकात करने वाले हैं।

