CG Vidhansabha: Ruckus in the Assembly, 35 Congress MLAs suspended
रायपुर: आज विधानसभा में दुर्ग जिले के समोदा गांव में अफीम की खेती के मामले को लेकर जमकर हंगामा हुआ। विपक्षी कांग्रेस सदस्यों ने सत्तारूढ़ दल के संरक्षण में अफीम की खेती होने का आरोप लगाते हुए काम रोको प्रस्ताव के तहत तत्काल चर्चा कराने की मांग की। इस पर सत्ता पक्ष ने तीखा प्रतिवाद किया और दोनों पक्षों के बीच तीखी नोंकझोंक देखने को मिली। इस पर आसंदी के समक्ष प्रदर्शन करने वाले कांग्रेस के सभी 35 विधायकों को निलंबित कर दिया गया।
सदन में तीखी नोकझोंक
नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने कहा कि राजधानी रायपुर से लगभग 50 किलोमीटर दूर गांव में अफीम की खेती का मामला सामने आया है। उन्होंने कहा कि सत्ताधारी दल के नेता विनायक ताम्रकार का नाम इस मामले में सामने आया है और खुद कलेक्टर ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी को अब जाकर निलंबित किया गया है, जबकि प्रदेश का युवा वर्ग नशे की चपेट में आ रहा है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान धान के कटोरा के रूप में रही है, लेकिन अब यह अफीम का कटोरा बनने की ओर बढ़ रहा है। नेता प्रतिपक्ष ने शासन-प्रशासन और मुख्यमंत्री के संरक्षण में अफीम की खेती होने का आरोप लगाया।
अजय चंद्राकार ने जताई आपत्ति
मुख्यमंत्री का नाम लिए जाने पर पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने कड़ी आपत्ति जताई और कहा कि पिछले चार वर्षों से यह खेती हो रही थी। उन्होंने कांग्रेस से जुड़े एक पूर्व मंत्री की संलिप्तता का आरोप लगाया, जिस पर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई।
भूपेश बघेल ने उठाए गंभीर सवाल
इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि आरोपी भाजपा नेता विनायक ताम्रकार को बचाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि एफआईआर में आरोपी का नाम तीसरे नंबर पर है, जबकि पहले नंबर पर नौकरों के नाम दर्ज हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जमीन का असली मालिक कौन है। पूर्व मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अफीम की खेती के लिए प्रशिक्षित मजदूर लाए जा रहे हैं और प्रदेश के फार्महाउसों की जांच कराई जानी चाहिए। कांग्रेस सदस्य दलेश्वर साहू ने मामले में राजस्व विभाग की भूमिका की जांच की मांग की, जबकि पूर्व मंत्री उमेश पटेल समेत अन्य कांग्रेस सदस्यों ने इस पर विस्तृत चर्चा कराने की मांग की।
गृहमंत्री का जवाब
गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि गांव के सरपंच की सूचना पर नहीं, बल्कि मुखबिर की जानकारी के आधार पर पुलिस, एनसीबी और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि खेत से 6,224 किलो अफीम के पौधे बरामद किए गए हैं। इस मामले में आरोपी विश्नोई और विनायक ताम्रकार को तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम जोधपुर सहित अन्य स्थानों पर भेजी गई है। इस जवाब पर असंतुष्ट कांग्रेस के विधायक काम रोको प्रस्ताव मंजूर करने की मांग करते हुए आसंदी के समक्ष जा पहुंचे। वहां सरकार विरोधी नारेबाजी करने पर सभापति कौशिक ने नेता प्रतिपक्ष महंत समेत 35 विधायकों को निलंबित कर दिया

