CG TRAIN ACCIDENT : Major train accident averted in Chhattisgarh, 2 officers suspended
बिलासपुर, 23 सितंबर। छत्तीसगढ़ में शुक्रवार को एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। पोरबंदर-शालीमार हापा एक्सप्रेस (12905) डाउन लाइन पर दौड़ रही थी तभी ट्रैक पर रखी रेलडाली से टकरा गई। गनीमत रही कि ड्राइवर की सूझबूझ और इमरजेंसी ब्रेक के चलते ट्रेन समय रहते रुक गई और हजारों यात्रियों की जान बच गई। इस घटना के बाद जांच में लापरवाही सामने आने पर सीनियर सेक्शन इंजीनियर (SSE) प्रदीप मिंज और मेट संतराम को निलंबित कर दिया गया है।
कैसे हुआ हादसा
शुक्रवार शाम करीब 5 बजे हापा एक्सप्रेस जयरामनगर और लटिया स्टेशन के बीच पहुंची थी।
इसी दौरान ट्रैक पर इंजीनियरिंग विभाग का मरम्मत कार्य चल रहा था।
कर्मचारी रेलडाली से सामान ढो रहे थे, तभी ट्रेन आती दिखी।
चालक ने बार-बार सीटी बजाई और आवाज भी दी, लेकिन कर्मचारियों ने ध्यान नहीं दिया।
ड्राइवर ने तुरंत आपतकालीन ब्रेक लगाया, लेकिन इसके बाद भी ट्रेन रेलडाली से टकरा गई।
हादसे से पहले कर्मचारी रेल डोली से कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।
जांच में लापरवाही उजागर
घटना के बाद रेलवे ने चार सदस्यीय जांच टीम गठित की। जांच में सामने आया कि SSE प्रदीप मिंज ने मरम्मत कार्य का निर्देश देने के बाद निरीक्षण के लिए दूसरी जगह चले गए थे। इस दौरान मेट संतराम ट्रैक पर काम की निगरानी कर रहा था। कर्मचारियों की लापरवाही के चलते यह खतरनाक स्थिति बनी।
रेल प्रशासन ने दोनों को दोषी मानते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है और अन्य कर्मचारियों व अधिकारियों पर भी कार्रवाई हो सकती है।

