CG PATWARI STRIKE : Action against Patwaris, now is it the turn of ESMA?
रायपुर. छत्तीसगढ़ में पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल को लेकर सरकार और पटवारी संघ के बीच टकराव बढ़ता जा रहा है। 13 अक्टूबर से जारी हड़ताल के बीच सरकार अब एस्मा (ESMA) लगाने की तैयारी में है। सरकार की ओर से दिए गए अल्टीमेटम की समयसीमा खत्म होने में अब सिर्फ 24 घंटे बाकी हैं।
150 से ज्यादा पटवारी निलंबित
हड़ताल के बीच प्रदेशभर में पटवारियों पर प्रशासनिक कार्रवाई भी तेज हो गई है। जानकारी के मुताबिक, अब तक 150 से ज्यादा पटवारियों को निलंबित किया जा चुका है। वहीं, 1000 से अधिक पटवारियों को ब्रेक इन सर्विस का नोटिस जारी किया गया है।
सभी जिलों में SDM के माध्यम से हड़ताल पर बैठे पटवारियों को नोटिस थमाए गए हैं। सरकार की सख्ती के बावजूद पटवारी संघ अपनी मांगों पर अड़ा हुआ है।
13 अक्टूबर से कामकाज प्रभावित
पटवारी अपनी चार सूत्रीय मांगों को लेकर 13 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल कर रहे हैं। लंबे समय से जारी आंदोलन के कारण प्रदेश में राजस्व से जुड़े काम प्रभावित हो रहे हैं। इससे आम लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अब सबकी नजर सरकार के अगले कदम पर है। अल्टीमेटम की समयसीमा पूरी होने के बाद क्या सरकार एस्मा लागू करेगी या बातचीत से कोई रास्ता निकलेगा? आने वाले 24 घंटे इस आंदोलन की दिशा तय कर सकते हैं।


