CG fire incident: बच्चों से भरी स्कूली वैन में लगी आग, टला बड़ा हादसा

Date:

CG fire incident: धमतरी। कालिका चौक सिहावा रोड पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक स्कूली वैन में अचानक आग लग गई। यह घटना अग्निशमन कार्यालय के ठीक सामने हुई, जिससे समय रहते बड़ा हादसा टल गया। पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आकृति प्ले स्कूल की वैन में छुट्टी के बाद 6 से 7 छोटे बच्चे सवार होकर अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान वैन में शॉर्ट सर्किट होने से अचानक आग लग गई और धुआं उठने लगा। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए वैन चालक ने तत्काल वाहन को सिहावा रोड स्थित अग्निशमन कार्यालय के सामने रोक दिया।

आग और धुएं को देख मौके पर हड़कंप मच गया। अग्निशमन विभाग के सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आसपास मौजूद लोगों की मदद से वैन में सवार सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद आग पर काबू पाते हुए उसे पूरी तरह बुझाया। हालांकि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन वैन की हालत काफी खराब हो गई है।

बच्चों की सुरक्षा को लेकर स्कूल प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। यदि समय रहते बच्चों को वैन से बाहर नहीं निकाला जाता तो यह घटना एक बड़े हादसे में तब्दील हो सकती थी। फिलहाल पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है और वैन की तकनीकी जांच की जा रही है।

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img
spot_imgspot_img

#Crime Updates

More like this
Related