CG Assembly Update: Home Minister Sharma gave information on surrender and rehabilitation of Naxalites in the Assembly.
छत्तीसगढ़ विधानसभा बजट सत्र के चौथे दिन सदन में नक्सल पुनर्वास नीति को लेकर बहस हुई। प्रश्नकाल के दौरान कांग्रेस विधायक विक्रम मंडावी ने राज्य सरकार से इस नीति की स्थिति और उपलब्धियों पर कई महत्वपूर्ण प्रश्न किए।
विक्रम मंडावी ने सरकार से पूछा कि नक्सल पुनर्वास नीति के तहत वर्ष 2023-24 से अब तक कितने इनामी नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी जानना चाहा कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों पर घोषित इनामी राशि में से किन-किन लोगों को भुगतान किया गया तथा पुनर्वास पर अब तक कितनी राशि खर्च की गई है।
सदन में उठे इन सवालों के जवाब में गृहमंत्री एवं उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने आधिकारिक जानकारी प्रस्तुत की। विजय शर्मा ने बताया कि नक्सल पुनर्वास नीति के अंतर्गत वर्ष 2023-24 से दिनांक 9 फरवरी 2026 तक कुल 1496 इनामी नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है।
गृहमंत्री ने कहा कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों के पुनर्वास और प्रोत्साहन के लिए सरकार द्वारा निर्धारित प्रावधानों के तहत इनामी राशि का भुगतान किया जा रहा है। उन्होंने सदन को अवगत कराया कि घोषित इनामी राशि में से अब तक 4 करोड़ 25 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त 5 लाख रुपये की राशि संलग्न प्रकरणों में जारी की गई है।

