CHAUSA WEDDING FIRING : Bride shot during garland ceremony
बक्सर/चौसा। बक्सर जिले के चौसा नगर पंचायत में शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब जयमाला की रस्म के दौरान एक युवक ने दुल्हन को गोली मार दी। घटना के बाद समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और इलाके में सनसनी फैल गई।
मामला मुफस्सिल थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, बारात बलिया से चौसा पहुंची थी। द्वारपूजा के बाद जब दूल्हा-दुल्हन स्टेज पर जयमाला की रस्म निभा रहे थे और मेहमान फोटो खिंचवा रहे थे, तभी भीड़ में मौजूद युवक ने पिस्टल निकालकर दुल्हन पर फायर कर दिया। गोली लगते ही दुल्हन स्टेज पर गिर पड़ी।
घायल दुल्हन को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। घटना के बाद शादी की रस्में रोक दी गईं और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। शुरुआती जांच में मामला एकतरफा प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

