CHHATTISGARH : Teachers reached the tehsil again after one and a half months, what is the reason?
बिलासपुर। गैर शैक्षणिक कामों में लगे शिक्षकों को स्कूल वापस भेजने के निर्देशों के बीच बिलासपुर में एक शिक्षक की दोबारा तहसील कार्यालय में तैनाती हो गई है। डीपीआई के आदेश पर रिलीव होने के करीब डेढ़ महीने बाद एसडीएम ने उन्हें मतदाता सूची पुनरीक्षण के काम के लिए अटैच कर दिया।
मामला शासकीय प्राथमिक शाला बाम्हू के सहायक शिक्षक निशांत वर्मा का है। वे कई साल से तहसील कार्यालय में अटैच होकर रिकॉर्ड रूम का काम संभाल रहे थे। डीपीआई के निर्देश और रिमाइंडर के बाद बिलासपुर डीईओ ने उन्हें शिक्षक बाबूलाल तिवारी के साथ मूल स्कूल वापस भेज दिया था।
लेकिन 30 अक्टूबर को एसडीएम आकांक्षा त्रिपाठी ने आदेश जारी कर निशांत वर्मा की ड्यूटी बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) कार्य के लिए लगा दी। आदेश में यह साफ नहीं किया गया है कि उनकी यह ड्यूटी कब तक रहेगी।
दूसरे शिक्षक अब भी अटैच
बताया जा रहा है कि डीपीआई के निर्देश के बाद भी कई शिक्षक अब तक अलग-अलग कार्यालयों और छात्रावासों में अटैच हैं। वहीं, बाबूलाल तिवारी फिलहाल प्राइमरी स्कूल बेलटुकरी में पढ़ा रहे हैं।
इस मामले में एसडीएम आकांक्षा त्रिपाठी का कहना है कि कार्यालय में कर्मचारियों की कमी है। एसएसआर का काम पूरा होने के बाद शिक्षक को वापस स्कूल भेज दिया जाएगा। उनके अनुभव को देखते हुए यह जिम्मेदारी दी गई है।


