CG PSC STUDENT : High-speed car overturns, PSC aspirant and 2 other students killed
बिलासपुर, 9 दिसंबर 2025। शहर में सोमवार देर रात तेज रफ्तार ने एक और दर्दनाक हादसे को जन्म दिया। कोनी थाना क्षेत्र में रतनपुर रोड पर एक अनियंत्रित कार तीन बार पलटकर सड़क किनारे झाड़ियों में जा घुसी। भीषण टक्कर में बिलासपुर में रहकर पीएससी की तैयारी कर रहे ईशु रत्नाकर और उसका दोस्त भास्कर राजपूत मौके पर ही मौत के शिकार हो गए। वहीं कार में सवार चार अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हैं।
रात में खाना खाने निकले थे दोस्त, रास्ते में मौत से सामना
जानकारी के मुताबिक सक्ती जिले का रहने वाला ईशु रत्नाकर अपने भाई के साथ बिलासपुर में रहकर पीएससी की तैयारी कर रहा था। रविवार देर रात वह अपने दोस्तों भास्कर राजपूत, अभिषेक वर्मा, शेखर चंद्रवंशी, श्याम सिंह राजपूत और एक अन्य साथी के साथ कार से रतनपुर रोड की ओर खाना खाने निकला था। कार को ईशु खुद चला रहा था। कोनी थाना क्षेत्र पार करते ही तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और तीन बार पलटते हुए झाड़ियों में जा घुसी।
दो छात्रों की मौके पर मौत, चार गंभीर घायल
हादसा इतना भीषण था कि ईशु और बगल की सीट पर बैठे भास्कर की मौके पर ही मौत हो गई। बाकी चार दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद कोनी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने दोनों छात्रों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर परिजनों को सूचना दे दी।
PSC अभ्यर्थी था मृतक ईशु रत्नाकर
परिजनों के मुताबिक ईशु रत्नाकर लंबे समय से पीएससी की तैयारी कर रहा था और अपने भाई आर्यन रत्नाकर के साथ बिलासपुर में रहता था। परिवार हादसे की खबर मिलते ही बिलासपुर पहुंचा और पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

