CG SUICIDE CASE : Uproar after teacher’s death, contractor and officers accused
बीजापुर. बीजापुर में एक शिक्षक की आत्महत्या ने पूरे सिस्टम को कटघरे में खड़ा कर दिया है। पालनार के प्रधानपाठक ने जान देने से पहले जो सुसाइड नोट छोड़ा, उसमें ठेकेदार, इंजीनियर से लेकर DEO और DMC तक कई बड़े नाम लिखे गए हैं।
आरोप है कि बिना काम पूरा हुए सरकारी पैसे निकालने का दबाव बनाया जा रहा था। लगातार इसी दबाव और प्रताड़ना से परेशान होकर शिक्षक ने यह खौफनाक कदम उठा लिया।
घटना के बाद माहौल गरमा गया… अस्पताल के बाहर परिजन और समाज के लोग सड़कों पर उतर आए, चक्का जाम कर दिया। हालात इतने बिगड़े कि भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
स्थानीय विधायक भी मौके पर पहुंचे और साफ कहा कि अगर सुसाइड नोट में जिनके नाम हैं, उन पर कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन होगा। समाज ने भी प्रशासन को 3 दिन का अल्टीमेटम दे दिया है।
फिलहाल प्रशासन ने जांच और कार्रवाई का भरोसा दिया है, लेकिन इस मामले ने शिक्षा विभाग और प्रशासन की कार्यशैली पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
