BHUPEN BORA RESIGNATION : Bhupen Bora resigns, is his entry into BJP confirmed?
गुवाहाटी। असम की राजनीति में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष भूपेन बोरा ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को सौंप दिया। बोरा ने बताया कि सोमवार सुबह 8 बजे उन्होंने खड़गे और राहुल गांधी को अपना इस्तीफा भेज दिया।
इस्तीफे के बाद बोरा ने साफ कहा, “मैं पॉलिटिक्स करूंगा, रिटायर होने का सवाल ही नहीं है। आगे क्या करूंगा, यह जल्द बताऊंगा।” उन्होंने अपने एक्स (ट्विटर) बायो से ‘कांग्रेस’ शब्द भी हटा दिया है, जिससे उनके अगले कदम को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।
BJP में शामिल होने की चर्चा
सूत्रों के मुताबिक, भूपेन बोरा 20 फरवरी को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में बीजेपी जॉइन कर सकते हैं। यदि ऐसा होता है तो वे रोंगोनाडी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ सकते हैं। इसको लेकर पहले से ही राजनीतिक गलियारों में चर्चा चल रही थी।
कांग्रेस को चुनाव से पहले झटका
बोरा 2021 से 2024 तक असम कांग्रेस के अध्यक्ष रहे और राज्य में पार्टी का बड़ा चेहरा माने जाते थे। वे 2006 से 2016 तक लगातार दो बार बिहपुरिया विधानसभा सीट से विधायक रहे। हाल ही में उनकी जगह गौरव गोगोई को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था।
CM हिमंत का बयान
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बोरा के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनके लिए बीजेपी के दरवाजे खुले हैं। उन्होंने कहा, “जहां से भी उनके जीतने की संभावना होगी, उन्हें वहां से टिकट दिया जाएगा। हम उन्हें सुरक्षित सीट से जिताने की कोशिश करेंगे।”
सरमा ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि बोरा कांग्रेस में “आखिरी सामान्य परिवार से आने वाले बड़े हिंदू नेता” थे और पार्टी सामान्य परिवारों के लोगों को आगे नहीं बढ़ाती।
हालांकि सरमा ने यह भी स्पष्ट किया कि अब तक बोरा ने उनसे या बीजेपी से सीधे संपर्क नहीं किया है, लेकिन वे जल्द ही उनसे मुलाकात कर भविष्य की रणनीति पर चर्चा करेंगे।
असम विधानसभा चुनाव से पहले इस घटनाक्रम ने राज्य की राजनीति को गरमा दिया है और आने वाले दिनों में बड़ा राजनीतिक बदलाव देखने को मिल सकता है।

