CG POLICE RAID : Police raid nightclub! Young men and women stampede…
भिलाई, 22 सितंबर 2025। शहर में देर रात तक शराब परोसने वाले क्लब और पब पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी कड़ी में सोमवार देर रात भिलाई के सूर्या मॉल स्थित लिस्ट्रोमीनिया पब में पुलिस ने दबिश दी।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि पब में रात 12 बजे के बाद भी शराब परोसी जा रही है। मौके पर पहुंचते ही कई युवक-युवतियां पब के पिछले दरवाजे और मॉल के पिछले हिस्से से भागते नजर आए। पुलिस ने उपस्थित ग्राहकों से पूछताछ की और पूरी घटना की वीडियोग्राफी करवाई। इसके बाद पब संचालक को नोटिस जारी कर कार्रवाई की गई।
शहर में क्लब और पब को रात 11 बजे तक संचालित करने की अनुमति है। इसके बाद शराब परोसना अवैध माना जाता है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि देर रात शराब परोसने की शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी और ऐसे पब और बार की सूची तैयार की जा रही है जो निर्धारित समय के बाद खुले रहते हैं।
स्मृतिनगर चौकी पुलिस की टीम ने पूरे मॉल और पब का निरीक्षण किया और कर्मचारियों से पूछताछ की। अधिकारियों का मानना है कि देर रात तक खुले पब न केवल कानून का उल्लंघन करते हैं बल्कि युवाओं में नशे की प्रवृत्ति को भी बढ़ावा देते हैं, जिससे सड़क हादसे और अन्य आपराधिक घटनाओं की संभावना बढ़ सकती है।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि भविष्य में नियमों का उल्लंघन दोहराए जाने पर पब का लाइसेंस रद्द किया जा सकता है। शहरवासियों ने प्रशासन के इस कदम को स्वागत योग्य बताया और कहा कि इससे देर रात तक चलने वाले शोर-शराबे और नशे की असुविधाओं पर अंकुश लगेगा।

