Applications for Swami Atmanand English Medium School are being made through Google Forms, raising questions about data security.
रायपुर। रायपुर में इन दिनों सोशल मीडिया पर एक गूगल फॉर्म तेजी से वायरल हो रहा है। यह फॉर्म किसी सामान्य सर्वे से जुड़ा नहीं, बल्कि शिक्षा विभाग में संविदा पदों पर भर्ती प्रक्रिया से संबंधित है। दरअसल, जिले की स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल में 151 संविदा पदों पर भर्ती के लिए कलेक्टर कार्यालय की ओर से विज्ञापन जारी किया गया है।
जारी विज्ञापन के अनुसार अभ्यर्थी गूगल फॉर्म लिंक के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। हालांकि विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि पंजीकृत डाक से भेजे गए आवेदन पत्र भी मान्य होंगे।
इसके बावजूद थर्ड पार्टी प्लेटफॉर्म के उपयोग को लेकर डेटा सुरक्षा पर सवाल उठने लगे हैं। चर्चा इस बात को लेकर भी है कि भर्ती प्रक्रिया के जारी किए गए गूगल फॉर्म में अभ्यर्थियों का नाम, जन्मतिथि, शैक्षणिक योग्यता, संपर्क विवरण सहित अन्य व्यक्तिगत जानकारी ली जा रही है। फिलहाल गूगल फॉर्म के माध्यम से आवेदन प्रक्रिया को लेकर अभ्यर्थियों में उत्साह के साथ-साथ डेटा सुरक्षा को लेकर संशय भी बना हुआ है।
जिले के स्कूलों में होगी भर्ती
जानकारी के मुताबिक जिले के 33 में से 31 स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी। कुल 151 रिक्त पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
इन पदों पर होगी नियुक्ति
भर्ती प्रक्रिया के तहत व्याख्याता, प्रधानपाठक (प्राथमिक शाला), शिक्षक, कम्प्यूटर शिक्षक, व्यायाम शिक्षक, सहायक शिक्षक, सहायक शिक्षक (विज्ञान प्रयोगशाला), ग्रंथपाल, सहायक ग्रेड-3, भृत्य और चौकीदार जैसे पद शामिल हैं।
मेरिट के आधार पर चयन
अभ्यर्थियों का चयन मेरिट के आधार पर किया जाएगा। प्रत्येक पद के लिए 10 अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का परीक्षण किया जाएगा, जिसके बाद अंतिम चयन सूची जारी की जाएगी।

