झंड़ा विवाद पर मुख्यमंत्री बघेल भाजपा पर हमलावर, कहा- इनके झंडे में सफेद रंग नहीं इसलिए फैलाते हैं अशांति…

रायपुर। कांग्रेस के झंडे पर सबसे पहला भगवा ही रंग है, दूसरा सफेद और तीसरा हरा है. हमारा रिप्रेजेंटेशन पूरे देश और समाज का है. ये लोग भी हरा रंग रखे हुए हैं, लेकिन उसमें शांति नहीं है, क्योंकि बीच का सफेद रंग (शांति) गायब है, इसलिए अशांति फैलाते हैं. यह बात मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के भगवा को भूपेश सरकार के कुचलने के आरोप पर कही.
दुर्ग के लिए रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने हेलीपैड पर पत्रकारों से चर्चा की. उन्होंने कहा कि रंगों से कोई फर्क नहीं पड़ता सात रंगों से विभिन्न रंग बने हैं, प्राकृतिक रंग हरा है. भगवा रंग त्याग और तपस्या का है, ऐसे अलग-अलग रंग हैं. भाजपा वाले बताएं कि वे कौन सा त्याग किए हैं. भगवा हमारे साधु-संतों का रंग है, जो सांसारिक मोह माया का त्याग करते हैं. भगवा रंग सर्वोच्च त्याग का है. इन्होंने कौन सा त्याग कर लिया, जो भगवा धारण कर रहे है. भाजपा के लोग सब हड़पने के लिए भगवा रंग धारण करते हैं.