SUPREME COURT NEWS : Lawyers clash with CJI, thrown out of courtroom!
नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट में सोमवार को उस वक्त असाधारण स्थिति बन गई, जब एक वकील ने मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत के खिलाफ कोर्टरूम में व्यक्तिगत टिप्पणी कर दी। वकील ने सुनवाई के दौरान कहा कि CJI इस पद पर बैठने के लायक नहीं हैं और उनमें इस जिम्मेदारी के लिए जरूरी ईमानदारी नहीं है। इसके बाद उन्हें अदालत कक्ष से बाहर निकाल दिया गया।
दरअसल, वकील अपने मामले की तत्काल सुनवाई चाहते थे। उनका दावा था कि 2 नवंबर को उन्होंने अपना मामला CJI के कार्यालय में रखा था, लेकिन 15 दिन बाद भी कोई जवाब नहीं मिला। बताया जा रहा है कि वह अपने खिलाफ चल रहे अवमानना मामले को लेकर नाराज थे।
सुनवाई के दौरान वकील ने CJI सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहन की पीठ से दस्तावेज देखने का अनुरोध किया। CJI ने उन्हें इंतजार करने को कहा, लेकिन वकील ने इनकार कर दिया और टिप्पणी करते हुए कहा कि वह इस कुर्सी पर बैठने के योग्य नहीं हैं।
मामला बढ़ने पर अदालत की कार्यवाही का ऑडियो-वीडियो बंद कर दिया गया। कोर्टरूम में मौजूद वकीलों के मुताबिक, इसके बाद संबंधित वकील को बाहर ले जाया गया। कुछ वकीलों ने CJI से उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी की।
गौरतलब है कि जुलाई में भी सुप्रीम कोर्ट में एक याचिकाकर्ता ने हंगामा किया था और CJI के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया था। उस घटना के बाद व्यक्तिगत रूप से पेश होने वाले याचिकाकर्ताओं की सुनवाई में ऑडियो-वीडियो बंद करने की व्यवस्था शुरू की गई थी।


