KAWASI LAKHMA STATEMENT : How is democracy in danger? Kawasi Lakhma questions the BJP
रायपुर। पूर्व मंत्री और विधायक कवासी लखमा ने भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ अभियान’ पर सवाल उठाते हुए सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि जब केंद्र से लेकर छत्तीसगढ़ और स्थानीय निकायों तक भाजपा की सरकार है, तो फिर लोकतंत्र खतरे में कैसे है?
लखमा ने आरोप लगाया कि जनता को मूलभूत सुविधाएं देने के बजाय भाजपा संविधान और लोकतंत्र बचाने के नाम पर रैलियां निकाल रही है। उन्होंने इस अभियान को राजनीतिक आंदोलन बताते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान करने के बजाय उसे गुमराह किया जा रहा है।
राहुल गांधी की नकल कर रही भाजपा
लखमा ने दावा किया कि राहुल गांधी की ओर से भाजपा की नीतियों के खिलाफ उठाई जा रही आवाज से भाजपा परेशान है। उन्होंने कहा कि भाजपा अब राहुल गांधी की नकल कर रही है। लखमा ने राहुल गांधी के अगले प्रधानमंत्री बनने का दावा भी किया और कहा कि जनता आने वाले चुनाव में भाजपा को जवाब देगी।
धान खरीदी की तैयारी पर उठाए सवाल
राजनीतिक हमले के साथ लखमा ने धान खरीदी की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि 15 नवंबर से खरीदी शुरू होने की घोषणा के बावजूद सुकमा और बस्तर के कई केंद्रों में तैयारियां अधूरी थीं। मंडियों में साफ-सफाई तक नहीं हुई थी।
लखमा ने कहा कि किसान कर्ज लेकर खेती करते हैं। अगर समय पर धान नहीं बिकेगा, तो वे कर्ज कैसे चुकाएंगे? मौसम की अनिश्चितता के चलते बस्तर के किसान पहले ही धान काटकर रख लेते हैं। ऐसे में खरीदी में देरी उनकी परेशानी बढ़ा सकती है।


