CG DRUG-FREE INDIA: A foot march was held from Ambedkar Chowk to Sharda Chowk—a resounding call for public awareness against drug abuse!
CG DRUG-FREE INDIA: नशामुक्त समाज के निर्माण के संकल्प के साथ रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक पुरन्दर मिश्रा के नेतृत्व में नशामुक्ति अभियान के तीसरे दिवस जनजागरण पदयात्रा निकाली गई। पदयात्रा के दौरान विभिन्न महापुरुषों एवं शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया गया तथा आमजन को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया।
पदयात्रा का शुभारंभ डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक से हुआ। विधायक पुरन्दर मिश्रा ने डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके पश्चात छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया।
इसके बाद पदयात्रा शास्त्री चौक पहुंची, जहां भारत के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। पदयात्रा आगे बढ़ते हुए जयस्तंभ चौक पहुंची, जहां शहीद वीर नारायण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया तथा शहीदों के सम्मान में पुष्पांजलि अर्पित की गई।
इसके पश्चात पदयात्रा शारदा चौक पहुंची, जहां नुक्कड़ सभा का आयोजन किया गया। सभा के माध्यम से बच्चों, युवाओं, महिलाओं एवं बुजुर्गों को नशे से होने वाले सामाजिक, पारिवारिक एवं स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही आमजन से नशामुक्त जीवन अपनाने और वृक्षारोपण के लिए आगे आने का आह्वान किया गया।
विधायक पुरन्दर मिश्रा ने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए चलाया जा रहा जनजागरण अभियान प्रधानमंत्री जी के स्वस्थ, सशक्त और जागरूक समाज के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक प्रयास है।
नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए विधायक पुरन्दर मिश्रा ने कहा कि नशा केवल शराब, तंबाकू या मादक पदार्थों तक सीमित नहीं है। इंसान जिस भी चीज का उपयोग जरूरत से ज्यादा करने लगता है, वह नशे का रूप ले सकती है। इसलिए हमें अपनी आदतों पर नियंत्रण रखते हुए स्वयं भी नशे से दूर रहना है और अपने परिवार तथा आने वाली पीढ़ी को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करना है।
उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण प्रत्येक परिवार और प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। विशेषकर बच्चों और युवाओं को नशे से दूर रखकर उन्हें शिक्षा, खेल, संस्कार और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना आवश्यक है।
उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ केवल जागरूकता अभियान ही नहीं, बल्कि अपने घर और आसपास के वातावरण से इसकी शुरुआत करनी होगी। प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने स्तर पर नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प ले, तो निश्चित रूप से एक स्वस्थ और सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है।
पदयात्रा एवं जनजागरण कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष रायपुर शहर रमेश सिंह ठाकुर, पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद ,चर्म शिल्पकार विकास बोर्ड के अध्यक्ष ध्रुव कुमार मिर्धा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
