CG Exam: Major irregularities in quarterly exam question papers!
CG EXAM : छत्तीसगढ़ में चल रही तिमाही परीक्षाओं के प्रश्नपत्रों को लेकर पहले कक्षा 6वीं के हिंदी प्रश्नपत्र में एक ही सवाल तीन बार दोहराए जाने का मामला सामने आया था। अब कक्षा 10वीं के गणित प्रश्नपत्र में कथित तौर पर 32 अंकों के सवालों में गड़बड़ी और कई अन्य प्रश्नपत्रों में चित्र व सही विकल्प गायब होने की जानकारी सामने आई है।
सबसे पहले कक्षा 6वीं के हिंदी प्रश्नपत्र में प्रश्न क्रमांक 9, 16 और 19 में एक ही सवाल दोहराया गया था— ‘मेजर ध्यानचंद की सफलता का क्या रहस्य था?’ यानी एक ही सवाल तीन अलग-अलग प्रश्न क्रमांकों में पूछ दिया गया। इस मामले को लेकर अभिभावकों और शिक्षाविदों ने प्रश्नपत्र तैयार करने की प्रक्रिया पर सवाल उठाए थे।
वही कक्षा 10वीं के गणित के पेपर में 32 अंकों के प्रश्नों को लेकर गंभीर आपत्तियां सामने आई हैं। इसके अलावा कई प्रश्नपत्रों में प्रश्नों के साथ दिए जाने वाले चित्र गायब हैं, जबकि कुछ सवालों में सही विकल्प उपलब्ध नहीं होने की बात भी सामने आई है।
प्रश्नपत्रों में बार-बार सामने आ रही त्रुटियों ने पेपर तैयार करने से लेकर उसके रीव्यू, प्रूफरीडिंग और अंतिम स्वीकृति तक की पूरी प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रश्नपत्र में गलती का सीधा असर परीक्षा दे रहे विद्यार्थियों पर पड़ता है। छात्र अगर गलत प्रश्न, अधूरा चित्र या विकल्पों के बिना सवाल देखकर असमंजस में पड़ता है, तो इसका असर उसके परीक्षा प्रदर्शन पर हो सकता है।
वहीं, शिक्षकों के सामने भी ऐसी स्थिति में यह समस्या रहती है कि विद्यार्थियों को किस प्रश्न का उत्तर किस आधार पर लिखने के लिए कहा जाए और बाद में मूल्यांकन किस तरीके से किया जाए।
