CG Congress Protest: Congress lays siege to the Election Office amidst heavy rain!
CG CONGRESS PROTEST: राजधानी रायपुर में शुक्रवार को बरसते पानी में कांग्रेस ने निर्वाचन कार्यालय का घेराव करने के साथ ही पुतला दहन भी किया।
प्रदर्शन को रोकने के लिए पुलिस ने निर्वाचन कार्यालय के आसपास कई लेयर में बैरिकेडिंग की थी, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता तीन बैरिकेड तोड़कर कार्यालय के करीब पहुंच गए।
कांग्रेस का आरोप है कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूचियों में बड़े पैमाने पर फेरबदल किया गया है। मतदाताओं के नाम अवैध तरीके से काटे और जोड़े गए, जिससे चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
कांग्रेस नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर आरोप लगाते हुए कहा है कि चुनाव आयोग सत्ताधारी पार्टी के इशारे पर काम कर रहा है।
कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग से मतदाता सूची में अनियमितताओं की जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इसी मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतरे। फिलहाल पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को निर्वाचन कार्यालय के मुख्य परिसर तक पहुंचने से रोक दिया है। कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन और कार्रवाई की मांग जारी है।
