CHHATTISGARH : Will BJP’s ‘angry uncle’ join Congress?
बिलासपुर. बिलासपुर में कांग्रेस के सृजन और प्रशिक्षण शिविर के समापन पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पर जमकर निशाना साधा। बैज ने दावा किया कि भाजपा के कई नाराज नेता जल्द कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं।
PM MODI JINPING MEETING : गलवान के बाद मोदी-जिनपिंग आमने-सामने!
ढाल दास के कांग्रेस में शामिल होने पर बैज ने कहा कि यह तो अभी शुरुआत है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के “नाराज फूफा” बहुत जल्द कांग्रेस में आने की तैयारी कर रहे हैं। बैज ने कहा कि समय का इंतजार करिए, भाजपा खुद को बचा नहीं पाएगी।
बता दें कि शुक्रवार को भाजपा सरकार में मंत्री खुशवंत साहेब के बड़े भाई और सतनामी समाज के धर्मगुरु गुरु बालदास के बड़े बेटे ढाल दास कांग्रेस में शामिल हुए हैं। रायपुर में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उन्हें कांग्रेस की सदस्यता दिलाई थी।
बैज ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पर भी निशाना साधते हुए कहा कि साय आदिवासी नहीं, बल्कि वनवासी हैं। उन्होंने कहा कि अगर मुख्यमंत्री आदिवासी होते तो आदिवासी दिवस के दिन बधाई देते।
कांग्रेस छोड़कर भाजपा गए नेताओं पर भी हमला
दीपक बैज ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए नेताओं पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में रहते हुए ये नेता उनके साथ चलते थे, लेकिन भाजपा में जाने के बाद पीछे की लाइन में भी नजर नहीं आते।
बैज ने दावा किया कि भाजपा में कार्यकर्ताओं की बात नहीं सुनी जाती, जबकि कांग्रेस में कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने का मौका दिया जाता है।
‘3 दिन के मंथन से अमृत निकला’
बिलासपुर में हुए तीन दिवसीय संगठन सृजन और प्रशिक्षण शिविर को लेकर बैज ने कहा कि इसमें आगामी चुनाव की रणनीति, संगठन को मजबूत करने और सरकार के खिलाफ आंदोलन की तैयारियों पर मंथन हुआ।
उन्होंने कहा, “मंथन में विष की एक बूंद भी नहीं निकली, 3 दिन तक अमृत ही अमृत निकला।” बैज के मुताबिक, मास्टर ट्रेनर और ब्लॉक अध्यक्ष प्रशिक्षण लेकर जाएंगे और सरकार के खिलाफ मजबूती से लड़ाई लड़ेंगे।
कोल ब्लॉक और शराब के मुद्दे पर सरकार को घेरा
बैज ने कोल ब्लॉक और प्रदेश की खनिज संपदा के मुद्दे पर भाजपा सरकार पर पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जल, जंगल और जमीन के मुद्दे पर कांग्रेस आगे बड़ी लड़ाई लड़ेगी।
शराब के मुद्दे पर भी बैज ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने नकली शराब, होलोग्राम और पैकिंग का मुद्दा उठाते हुए प्रदेश में शराब सिंडिकेट चलने का दावा किया और सवाल किया कि इस नेटवर्क का पैसा और कमीशन आखिर कहां तक पहुंच रहा है।
