CG Politics: Deepak Baij lashes out over bulldozer action; appeals to all MLAs as well!
CG POLITICS: राजधानी रायपुर के राजीव भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने नकटी गांव में हुई बुलडोजर कार्रवाई को लेकर कहा कि नकटी गांव में 85 मकानों को तोड़ दिया गया, जिनमें करीब 25 प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने मकान भी शामिल हैं।
दीपक बैज ने आरोप लगाया कि सरकार गरीबों के आशियाने उजाड़कर आईएएस, आईपीएस अधिकारियों और विधायकों के आवास बनाने की तैयारी कर रही है। उन्होंने इस कार्रवाई को अनैतिक, अमानवीय और गैरकानूनी करार दिया।
उन्होंने कहा कि बारिश का मौसम शुरू होने के बाद लोगों के घर तोड़ना पूरी तरह असंवेदनशील कदम है। उनका कहना था कि जिन परिवारों को विस्थापित किया गया, उन्हें पर्याप्त वैकल्पिक व्यवस्था भी उपलब्ध नहीं कराई गई।
उन्होंने आरोप लगाया कि 15 से 25 लोगों के परिवार को केवल एक ईडब्ल्यूएस (EWS) फ्लैट दिया गया है, जहां बिजली, पानी, पंखा और खिड़की जैसी बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हैं।
बैज ने सरकार के मंत्रियों को चुनौती देते हुए कहा कि वे दो घंटे उन फ्लैटों में रहकर देखें, तब उन्हें वहां की वास्तविक स्थिति का पता चलेगा। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि चौथी मंजिल पर बने फ्लैटों तक बुजुर्ग लोग कैसे पहुंचेंगे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में दीपक बैज ने बताया कि आदिवासी विधायक जनक ध्रुव और विधायक चातुरी नंद ने भी पत्र लिखकर विधायक आवास लेने से इनकार किया है।
बैज ने दोनों विधायकों की सराहना करते हुए प्रदेश के सभी विधायकों से अपील की कि वे प्रस्तावित विधायक आवास का बहिष्कार करें।
दीपक बैज ने भाजपा विधायकों से भी की अपील।
