CG CYBER CRIME NEWS: ₹70,000 Stolen from Woman’s Account Under the Pretext of a Smart Meter!
CG CYBER CRIME NEWS : बिलासपुर के बजरंग नगर आवासपारा सिरगिट्टी निवासी सरस्वती देवी साइबर ठगी का शिकार हो गयी, जहां ठग ने खुद को बिजली विभाग का कर्मचारी बताकर करीब 70 हजार रुपए ठग लिए।
आरोपी ने स्मार्ट बिजली मीटर लगाने का झांसा देकर महिला के पंजाब नेशनल बैंक खाते से रकम पार कर दी।
पुलिस के मुताबिक 17 मार्च को सरस्वती देवी के बेटे के मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आया।
फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को बिजली विभाग का कर्मचारी बताते हुए कहा कि विभाग की ओर से नया स्मार्ट मीटर लगाया जा रहा है।
इसके लिए 13 रुपए का ऑनलाइन ट्रांजेक्शन करना जरूरी बताया गया।
ठग ने बातचीत के दौरान एटीएम कार्ड के आखिरी चार अंक पूछ लिए। इसके बाद आरोपी ने महिला के खाते से दो अलग-अलग ट्रांजेक्शन में कुल 69 हजार 998 रुपए निकाल लिए।
हैरानी की बात यह रही कि उस समय खाते से पैसे कटने का कोई मैसेज भी नहीं आया।
ठगी का खुलासा तब हुआ जब 8 मई को महिला ने बैंक जाकर स्टेटमेंट निकलवाया और खाते से रकम गायब देखकर परिवार के होश उड़ गए।
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और आईटी एक्ट की धारा 66D के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

