CHHATTISGARH : CM Sai’s election claim!
रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया है। बलरामपुर दौरे पर जाने से पहले मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की तैयारी पूरी है और पांचों राज्यों में भाजपा की जीत तय है।
सीएम साय ने कहा कि भाजपा हमेशा चुनाव के लिए तैयार रहती है और इस बार भी पार्टी पूरे दमखम के साथ मैदान में है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रचंड बहुमत के साथ भाजपा जीत हासिल करेगी।
दरअसल इस साल 2026 में पश्चिम बंगाल, असम, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव होने हैं। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के लिए निर्वाचन आयोग ने आज शाम 4 बजे नई दिल्ली के विज्ञान भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस रखी है, जिसमें चुनाव की तारीखों का एलान किया जाएगा।
इस दौरान सीएम साय ने छत्तीसगढ़ में कांग्रेस द्वारा 17 मार्च को किए जाने वाले विधानसभा घेराव पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास सरकार के खिलाफ कोई मुद्दा नहीं है और वह पूरी तरह मुद्दाविहीन हो चुकी है।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि विपक्ष में रहने के कारण कांग्रेस को विपक्षी धर्म निभाना पड़ता है, इसलिए कुछ न कुछ करते रहना उनकी मजबूरी है।

