CG BOARD EXAM : Cheating caught in board exam
सूरजपुर. छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में 10वीं बोर्ड परीक्षा के दौरान नकल का मामला सामने आया है। सलका अधीना स्थित शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के परीक्षा केंद्र में गणित की परीक्षा के दौरान तीन छात्रों को चिट के सहारे पेपर हल करते हुए पकड़ लिया गया।
दरअसल, परीक्षा के दौरान तहसीलदार और प्रशासनिक टीम औचक निरीक्षण के लिए केंद्र पहुंची थी। इसी दौरान कुछ छात्रों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। जब जांच की गई तो तीन छात्रों के पास से छोटे-छोटे कागज के टुकड़े मिले, जिनमें गणित के फार्मूले और जवाब लिखे हुए थे।
अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों छात्रों को पकड़ लिया और मौके पर ही नकल प्रकरण बना दिया। परीक्षा नियमों के अनुसार अब उनके खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन का कहना है कि बोर्ड परीक्षाओं को पूरी पारदर्शिता के साथ कराने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। नकल जैसी गतिविधियों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। घटना के बाद सभी परीक्षा केंद्रों में सतर्कता और बढ़ा दी गई है।

