DRUG CASE : Bollywood connection implicated in drugs case, Rakul Preet’s brother Aman Preet absconding
हैदराबाद. हैदराबाद के हाई-प्रोफाइल ड्रग्स केस में अब बॉलीवुड का कनेक्शन सामने आया है। मशहूर बॉलीवुड एक्ट्रेस रकुल प्रीत सिंह के भाई और तेलुगू-हिंदी फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े अमन प्रीत सिंह को इस केस में आरोपी बनाया गया है। पुलिस के मुताबिक अमन इस वक्त फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए स्पेशल टीमें बनाई गई हैं।
पूरा मामला 19 दिसंबर का है, जब हैदराबाद पुलिस ने मसाब टैंक इलाके के चाचा नेहरू पार्क के पास स्पेशल ऑपरेशन चलाया। इस दौरान एक ग्रे रंग की कार को रोका गया, जिसकी तलाशी में डैशबोर्ड के अंदर छिपाकर रखी गई 43.7 ग्राम कोकीन और 11.5 ग्राम MDMA बरामद हुई। मौके पर ही क्लूज टीम ने नशीले पदार्थों की पुष्टि की।
इस केस में मलकापेट के रियल एस्टेट ब्रोकर नितिन सिंघानिया और ट्रूप बाजार के बिजनेसमैन श्रानिक सिंघवी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि ड्रग्स एक नाइजीरियाई सप्लायर से मंगाई जा रही थी, जिसका नंबर मोबाइल में फर्जी नाम से सेव था। अफ्रीकी कोरियर के जरिए ड्रग्स हैदराबाद पहुंचाई जाती थी और चुनिंदा कंज्यूमर्स को बेची जा रही थी।
24 दिसंबर को पुलिस ने दो अफ्रीकी नागरिकों को भी गिरफ्तार किया। आगे की जांच में चार कथित ड्रग्स कंज्यूमर सामने आए, जिनमें अमन प्रीत सिंह का नाम शामिल है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक अमन का नाम पहले भी साइबराबाद पुलिस के पुराने ड्रग्स मामलों में आ चुका है, जिसमें नरसिंगी थाने का केस भी शामिल है।
डीसीपी वेस्ट जोन च. श्रीनिवास ने बताया कि पूछताछ के दौरान मिले इनपुट के आधार पर अमन प्रीत सिंह की पहचान कंज्यूमर के रूप में हुई है। वह फिलहाल फरार हैं और उन्हें पकड़ने के लिए कई टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। साथ ही पूरे ड्रग नेटवर्क और मुख्य सप्लायर तक पहुंचने के लिए जांच जारी है।

