PRESS CLUB OF INDIA : PCI gets its first woman president, a big win for Sangita Barua Pisaroti
नई दिल्ली। प्रेस क्लब ऑफ इंडिया (PCI) को पहली बार महिला अध्यक्ष मिल गई है। रविवार को हुए चुनाव में संगीता बरुआ पिशारोती ने शानदार जीत दर्ज करते हुए इतिहास रच दिया। उन्होंने शीर्ष पद के चुनाव में अपने दोनों प्रतिद्वंद्वियों को भारी अंतर से हराया।
चुनाव में संगीता बरुआ पिशारोती को 1,019 वोट मिले, जबकि अतुल मिश्रा को 129 और अरुण शर्मा को 89 वोट ही हासिल हुए। खास बात यह रही कि उनके पैनल ने सभी पदों पर जीत दर्ज करते हुए 21–0 का क्लीन स्वीप किया।
पीसीआई की नई टीम में जतिन गांधी को 1,029 वोटों के साथ उपाध्यक्ष चुना गया। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी को 900 से ज्यादा वोटों से मात दी। वहीं अफज़ल इमाम 948 वोटों के साथ महासचिव निर्वाचित हुए। अदिति राजपूत कोषाध्यक्ष और पीआर सुनील संयुक्त सचिव पद पर निर्विरोध चुने गए।
इसके अलावा 16 सदस्यीय प्रबंध समिति का भी गठन किया गया, जिसमें वरिष्ठ पत्रकारों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस समिति में नीरज कुमार, अभिषेक कुमार सिंह, जाह्नवी सेन, अशोक कौशिक, कल्लोल भट्टाचार्य, प्रवीण जैन, अग्रज प्रताप सिंह, मनोज शर्मा, नोयनिमा बसु, पीबी सुरेश, वीपी पांडेय समेत अन्य सदस्य शामिल हैं।
नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए संगीता बरुआ पिशारोती ने कहा कि यह जीत प्रेस क्लब के सदस्यों के उस भरोसे को दिखाती है, जो स्वतंत्र, निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता के मूल्यों में उनके पैनल की प्रतिबद्धता पर है। वहीं निवर्तमान महासचिव नीरज ठाकुर ने इसे पीसीआई के लिए प्रगति और समानता का मजबूत संकेत बताया।

