BILASPUR SUSPICIOUS DEATH : Woman’s body exhumed after 10 days
बिलासपुर, 7 दिसंबर 2025। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक शादीशुदा महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने नया मोड़ ले लिया है। मौत के 10 दिन बाद प्रशासन ने कब्र खोदकर महिला का शव बाहर निकाला और पोस्टमॉर्टम कराया। महिला के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।
मामला चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम बुंदेला का है। 23 वर्षीय जया सांडे की 27 नवंबर को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई थी। परिजनों के अनुसार, जया घर का काम कर रही थी और तबीयत खराब होने पर अपने कमरे में आराम करने चली गई थी। कुछ देर बाद ससुराल वालों ने देखा कि वह मृत पड़ी है। सूचना मिलने पर महिला के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाकर हंगामा किया, लेकिन गांववालों की समझाइश के बाद अंतिम संस्कार किया गया।
हालाँकि, जया के भाई और अन्य परिजन मौत को संदिग्ध बताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराने पहुँचे। शिकायत के बाद एसडीएम आकांक्षा त्रिपाठी ने शव को कब्र से निकालने की अनुमति दी। राजस्व अधिकारियों और पुलिस की मौजूदगी में कब्र खोदकर शव निकाला गया और सिम्स अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।
जया सांडे की पाँच साल पहले अर्जुन सांडे से प्रेम विवाह हुआ था। मायके पक्ष का दावा है कि जया की मौत प्राकृतिक नहीं है और ससुराल वालों ने कुछ छुपाने की कोशिश की है। वहीं पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा।
फिलहाल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और सभी पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। इस घटना के बाद गाँव में भी तनाव का माहौल है, जबकि जया के परिजन न्याय की मांग पर अड़े हुए हैं।

