Russia Ukraine War News:यूक्रेन ने मंगलवार को मॉस्को पर अब तक का सबसे बड़ा ड्रोन हमला किया है। 144 ड्रोन से किए इस हमले में दर्जनों इमारतें नष्ट हो गईं। हमले की वजह से रूस को मॉस्को एयरपोर्ट से 50 उड़ानों को डायवर्ट करने को मजबूर होना पड़ा। रूस ने दावा किया कि मॉस्को क्षेत्र के ऊपर कम से कम 20 यूक्रेनी ड्रोन को नष्ट कर दिया गया, जबकि आठ अन्य क्षेत्र में 124 ड्रोनों को मार गिराया गया। इस दौरान मॉस्को के पास एक महिला की मौत हुई है, जबकि कई घायल हैं।
रूस ने भी किया पलटवार
वहीं, इसके जवाब में रूस ने भी यूक्रेन पर 46 ड्रोन से हमला किया। यूक्रेनी हमले के कारण मॉस्को के चार हवाई अड्डों में तीन को छह घंटे तक बंद करना पड़ा। इससे हवाई यातायात बाधित हो गया। आवासीय क्षेत्र में यूक्रेनी हमले से मॉस्को में कई बहुमंजिला इमारतों में आग की लपटें उठती देखी गईं। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने संवाददाताओं से कहा कि यह हमला यूक्रेन के राजनीतिक नेतृत्व का वास्तविक परिचायक है, जो रूस से दुश्मनी पर टिका है। नागरिकों पर रात में इस तरह हमला कोई भी सेना नहीं करती होगी। उन्होंने आगे कहा, वह हमारे दुश्मन हैं, हम भी उनपर सैन्य कार्रवाई जारी रखेंगे।
यूक्रेन ने कहा कि रूस ने रात में 46 ड्रोन से हमला किया, जिसमें से 38 को नष्ट कर दिया गया। मॉस्को के रीजनल गवर्नर एंड्री वोरोब्योव ने कहा कि हमले में रमेंस्कोये में एक 46 वर्षीया महिला की मौत हो गई और तीन अन्य लोग घायल हो गए। निवासियों ने कहा कि विस्फोट की आवाज सुनकर वे जग गए। राष्ट्रपति आवास क्रेमलिन से रमेंस्कोये करीब 50 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में है।

