CG BJP PRESS CONFRENCE : चुनाव के दौरान भाजपा का चेहरा कौन होगा..? कुछ अजीब रही बीजेपी प्रदेश प्रभारी ओम माथुर की पत्रकारवार्ता

Date:

- Advertisement -
RADA Auto Expo Portal

CG BJP PRESS CONFERENCE : Who will be the face of BJP during elections..? BJP state in-charge Om Mathur’s press conference was somewhat strange

बिलासपुर। जब घर का मुखिया बड़े उत्साह से कोई काम लेकर या कोई सामान लेने बाहर जाता है और वहां से उसे खाली हाथ वापस आना पड़ता है.. ऐसे ही हालात को छत्तीसगढ़ी में कहा जाता है.. कहां गये..कहूं नहीं..का लाए.. कछू नहीं…; आज बिलासपुर के न्यू सर्किट हाउस में भाजपा के प्रदेश प्रभारी ओम माथुर की पत्रकार वार्ता में बड़े उत्साह से पहुंचे पत्रकारों को भी पत्रकार वार्ता खत्म होने के बाद कुछ ऐसा ही लग रहा था… मतलब कहां गए..कहूं नहीं…का लाए कछु नहीं..!

बमुश्किल आधे घंटे तक चली इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद पत्रकार एक दूसरे से यही पूछते रहे कि उन्होंने जो बातें कहीं उसमें मुख्य बात क्या है..? और समाचारों में किस बात को प्रमुखता देनी है। श्री ओम माथुर छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रभारी ही नहीं वरन देश की राजनीति का एक बड़ा चेहरा हैं। राजनीति में उनका अनुभव दूसरे किसी से भी कम नहीं है। ऐसे में आज उनकी प्रेस कॉन्फ्रेंस में पहुंचे पत्रकारों को उम्मीद थी कि वहां चाय नाश्ते के अलावा कोई बड़ी खबर भी जरूर मिलेगी। लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। श्री ओम माथुर ने पत्रकार वार्ता की शुरुआत, उत्तर पूर्व के 3 राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों में भाजपा की सफलता का जिक्र करने से की। और उन्होंने इस जीत के लिए भाजपा के कार्यकर्ताओं और खासकर उत्तर पूर्व के कार्यकर्ताओं को बधाई दी। फिर उन्होंने अपने छत्तीसगढ़ दौरे के बारे में बताया कि वे इस दौरे में प्रदेश के तीन प्रमुख संभागों बिलासपुर, अंबिकापुर और रायपुर का प्रवास कर रहे हैं।

आज बिलासपुर के बाद कल शुक्रवार को अंबिकापुर और फिर शनिवार को रायपुर में उनका प्रवास रहेगा। इस दौरान प्रत्येक संभाग के सभी मंडल अध्यक्षों और महामंत्रियों तथा इसी तरह जिला अध्यक्षों और महामंत्रियों की बैठक लेकर बूथ सशक्तिकरण की दिशा में सार्थक चर्चा और प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि उनके प्रवास के दौरान आगामी चुनाव की दृष्टि से पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को सक्रिय कर इसकी रेगुलर मानिटरिंग की व्यवस्था भी की जानी है। पत्रकारों के द्वारा आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की संभावनाओं के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आने वाले चुनाव में पूर्ण बहुमत से जीतकर सरकार बना रही है।

इस चुनाव के दौरान भाजपा का चेहरा कौन होगा..? इस चिर परिचित सवाल का उन्होंने भी, चिर परिचित अंदाज में ही जवाब दिया कि कार्यकर्ताओं की राय और संसदीय बोर्ड के फैसले से ही इस बाबत कोई निर्णय हो सकता है। पत्रकारों के पूछने पर उन्होंने बताया कि किसी राज्य में भाजपा बिना चेहरे के भी लड़ती है और किसी राज्य में किसी चेहरे को आगे कर चुनाव लड़ा जाता है। यह वहां की परिस्थिति का आकलन कर संसदीय बोर्ड के द्वारा तय किया जाता है। पार्टी के दूसरे राज्यों के चुनाव में बड़ी संख्या में विधायकों के टिकट काटे जाने से जुड़े सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि पार्टी किसी एक राज्य में जिस रणनीति से चुनाव लड़ती है। कोई जरूरी नहीं है कि उसी रणनीति को किसी दूसरे राज्य में भी हुबहू लागू करें। समय काल परिस्थिति और स्थान के मुताबिक वक्त आने पर निर्णय लिए जाते हैं। हाल ही में प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के द्वारा धान खरीदी की कीमत ₹2800 किए जाने से जुड़े सवाल और इसी तरह गैस सिलेंडर समेत विभिन्न जरूरी जिंसों की कीमतों में वृद्धि को लेकर पूछे गए प्रश्नों को श्री माथुर बड़ी चतुराई से या तो अनदेखा कर गए या टाल गए।

भाजपा की जीत का दावा करने का आधार पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में जो विकास और जनकल्याण के काम किए हैं उसके कारण ही छत्तीसगढ़ में भी अगले विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी पूर्ण बहुमत से जीतकर सरकार बनाएगी। एक पत्रकार के द्वारा…. आगामी चुनाव में किन्हे टिकट दी जाएगी..? यह पूछने पर उन्होंने कहा कि विनिंग कैंडिडेट को ही टिकट दी जाएगी। मतलब पार्टी, आने वाले विधानसभा चुनाव में जीत की संभावनाओं वाले कार्यकर्ताओं और नेताओं को विधानसभा का टिकट देगी। पत्रकार वार्ता के दौरान प्रदेश के भाजपा अध्यक्ष श्री अरुण साव, जिला भाजपा प्रभारी श्री मोतीलाल साहू पूर्व मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता श्री अमर अग्रवाल तथा भूपेंद्र सवन्नी भी मौजूद रहे। पत्रकार वार्ता की शुरुआत में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री अरुण साव ने मंच पर मौजूद पार्टी के छत्तीसगढ़ प्रभारी श्री ओम माथुर समेत सभी नेताओं का सम्मानपूर्वक परिचय दिया और प्रदेश प्रभारी से पत्रकारों के साथ बातचीत करने की शुरुआत का आग्रह किया।

 

 

 

 

 

 

 

 

- Advertisement -
RADA Auto Expo Portal

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img
spot_imgspot_img

#Crime Updates

More like this
Related