Trending Nowशहर एवं राज्य

राजधानी में 12 करोड़ की लागत से बनेगा ’36 भोग” फूड जोन, मिलेंगे 36 प्रकार के व्यंजन

रायपुर। नगर निगम के माध्यम से 12 करोड़ की लागत से ’36 भोग” फूड जोन बनाने की तैयारी की जा रही है। तेलीबांधा थाने के सामने कृष्ण कुंज के बगल में 24 हजार 500 वर्गफीट में इसका निर्माण करवाया जाएगा, जहां लोगों की सुविधा के लिए 36 प्रकार के भोजन का आनंद ले सकेंगे। यहां आने वाले लोगों के वाहन खड़े करने के लिए भी अलग इंतजाम किया गया है। इसके तहत दोपहिया से लेकर चारपहिया वाहनों की पार्किंग के लिए भी व्यवस्था की गई है। इसके अलावा बच्चों के खेलने के लिए भी अलग से क्षेत्र आरक्षित किया गया है। जहां बच्चों के लिए झूले सहित अन्य खेल उपकरण भी लगाए जाएंगे।

इस पूरे प्रोजेक्ट में 12 करोड़ 50 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे, जिसमें गार्डन, लैंड स्केपिंग के साथ ही तालाब का सुंदरीकरण भी शामिल है। यहां लोगों को 36 विभिन्न प्रकार के व्यंजन मिलने के साथ ही पिकनिक जैसा माहौल देने की तैयारी है। इसके लिए ड्राइंग डिजाइन तैयार कर लिया गया है, वहीं निर्माण की प्रक्रिया जल्द ही शुरू करने का दावा किया जा रहा है। साथ ही निगम को भी इससे अच्छी खासी कमाई होने का भी दावा किया जा रहा है।

इस प्रोजेक्ट में फूड जोन बनाने के साथ ही सुंदरीकरण का भी विशेष ख्याल रखा जा रहा है। इसके तहत गार्डन का सुंदरीकरण करने के साथ ही पीछे तालाब का भी जीर्णोद्धार कर उसे आकर्षक बनाया जाएगा, जिससे लोगों को फूड जोन के साथ ही मनोरंजन की सुविधा भी दी जा सके। रायपुर नगर निगम के महापौर एजाज ढेबर ने कहा, 36 भोग का निर्माण प्रस्तावित है। यहां लोगों के मनोरंजन के साथ ही फूड जोन की सुविधा भी दी जाएगी। जल्द ही निर्माण शुरू किया जाएगा।

Share This: